1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ONGC ने ब्रिटिश कंपनी BP के साथ की पार्टनरशिप, देश के अलग-अलग हिस्सों में होगी स्ट्रैटिग्राफिक कुओं की खुदाई

ONGC ने ब्रिटिश कंपनी BP के साथ की पार्टनरशिप, देश के अलग-अलग हिस्सों में होगी स्ट्रैटिग्राफिक कुओं की खुदाई

ओएनजीसी इस प्रोजेक्ट में निवेश करेगी जबकि बीपी डिजाइन, स्थान के चयन और भू-वैज्ञानिक विश्लेषण जैसी विशेषज्ञता प्रदान करेगी।

ongc, bp, stratigraphic wells, crude oil, oil, natural gas, petroleum gas, hardeep singh puri, bp in- India TV Hindi
Image Source : AP डिजाइन, भू-वैज्ञानिक विश्लेषण में मदद करेगी ब्रिटिश कंपनी बीपी

पब्लिक सेक्टर की तेल और गैस कंपनी ओएनजीसी ने स्ट्रैटिग्राफिक कुओं की खुदाई के लिए ब्रिटेन की दिग्गज एनर्जी कंपनी बीपी के साथ एक रणनीतिक समझौता किया है। स्ट्रैटिग्राफिक कुएं मुख्य रूप से जमीन की भीतरी परतों की जानकारी जुटाने के लिए खोदे जाते हैं ताकि वहां पर पेट्रोलियम और गैस भंडार मौजद होने की संभावना को परखा जा सके। ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) ने एक बयान में कहा कि बीपी के साथ हुई इस साझेदारी के तहत अंडमान, महानदी, सौराष्ट्र और बंगाल जैसे अपतटीय बेसिन क्षेत्रों में इन खास कुओं की खुदाई की जाएगी।

डिजाइन, भू-वैज्ञानिक विश्लेषण में मदद करेगी ब्रिटिश कंपनी बीपी

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उपस्थिति में ‘ऊर्जा वार्ता 2025’ कार्यक्रम के दौरान इस आशय के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। पेट्रोलियम सचिव पंकज जैन ने कहा कि स्ट्रैटिग्राफिक कुओं की खुदाई की ये पहली पहल है। उन्होंने बताया कि ओएनजीसी इस प्रोजेक्ट में निवेश करेगी जबकि बीपी डिजाइन, स्थान के चयन और भू-वैज्ञानिक विश्लेषण जैसी विशेषज्ञता प्रदान करेगी। बीपी इंडिया के प्रमुख कार्तिकेय दुबे ने कहा कि गहरे समुद्री क्षेत्र में तेल और गैस की खोज के लिए ये सहयोग नई संभावनाएं खोल सकता है।

गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे ओएनजीसी के शेयर

बताते चलें कि गुरुवार को शेयर बाजार में गिरावट के बीच ओएनजीसी के शेयर बीएसई पर 1.00 रुपये (0.41%) की बढ़त के साथ 243.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। कल कारोबार के दौरान इस सरकारी कंपनी के शेयर 242.85 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 244.50 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। कंपनी के शेयरों का मौजूदा भाव, इसके 52 वीक हाई से काफी नीचे है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, ओएनजीसी के शेयरों का 52 वीक हाई 344.60 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 205.00 रुपये है। इस सार्वजनिक क्षेत्र की तेल और गैस कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 3,06,833.01 करोड़ रुपये है।

Latest Business News