1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली के नजदीक इस शहर में सिर्फ 8.61 लाख रुपये में घर खरीदने का मौका, चेक करें डिटेल्स

दिल्ली के नजदीक इस शहर में सिर्फ 8.61 लाख रुपये में घर खरीदने का मौका, चेक करें डिटेल्स

ऑफर के तहत अगर आप इन फ्लैट के लिए 60 दिनों के अंदर पूरी पेमेंट करते हैं तो आपको 5 प्रतिशत की अलग से छूट भी दी जाएगी।

UPAVP, UPAVP scheme, UPAVP flats, UPAVP upcoming scheme, UPAVP housing schemes, UPAVP housing scheme- India TV Hindi
Image Source : DDA 5 प्रतिशत की छूट का भी प्रावधान (सांकेतिक तस्वीर)

देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में किराये पर रहने वाले लोगों के लिए एक खुशखबरी है। अगर आप भी अपने परिवार के लिए दिल्ली के आसपास घर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो समझिए ये खबर सिर्फ आपके लिए ही है, जहां सिर्फ 8.61 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर सरकारी फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इन फ्लैटों की कीमत 8.61 लाख रुपये से 11.14 लाख रुपये है और इन फ्लैटों की संख्या 46 है। इन फ्लैटों का एरिया 32.95 वर्ग मीटर है। जी हां, दिल्ली से मात्र 70 किमी दूर स्थित यूपी के मेरठ में इस स्कीम के लिए 15 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन चलेगा।

5 प्रतिशत की छूट का भी प्रावधान

इतना ही नहीं, ऑफर के तहत अगर आप इन फ्लैट के लिए 60 दिनों के अंदर पूरी पेमेंट करते हैं तो आपको 5 प्रतिशत की अलग से छूट भी दी जाएगी। दरअसल, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने निम्न आय वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए 'विशेष पंजीकरण योजना 3.0 विस्तार' की शुरुआत की है। इन फ्लैटों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 15 अगस्त को हुई थी, जिसकी आखिरी तारीख 15 सितंबर है। ये फ्लैट मेरठ के जागृति विहार में योजना संख्या 11 के तहत बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

फ्लैट की संख्या से ज्यादा आवेदन आए तो लॉटरी प्रक्रिया से होगा आवंटन

यूपी हाउसिंग एंड डेवलपमेंट बोर्ड की वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, ये फ्लैट रेरा पंजीकृत और रेडी-टू-मूव हैं। अगर आप सरकारी अधिकारी या कर्मचारी हैं तो आप सिर्फ 50 प्रतिशत भुगतान करके कब्जा प्राप्त कर सकते हैं। इस हाउसिंग स्कीम के तहत, रजिस्ट्रेशन के लिए आपको फ्लैट की कीमत का 5% पैसा रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में पहले जमा करना होगा। बताते चलें कि अगर सरकार को फ्लैटों की संख्या से ज्यादा आवेदन मिलते हैं तो फ्लैटों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के द्वारा किया जाएगा। अगर लॉटरी प्रक्रिया में आपको फ्लैट नहीं मिलता है तो एक महीने के भीतर आपके सारे पैसे वापस कर दिए जाएंगे।

ज्यादा जानकारी के लिए कैसे और कहां संपर्क करें

मेरठ में इन फ्लैटों के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए आप टोल फ्री नंबर 1800-180-5333 पर सुबह 9.30 बजे से शाम के 6.00 बजे तक कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, आप 0522-2236803 पर भी कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Latest Business News