1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पाकिस्तान में अब रोजाना तय होंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें, OGRA की वेबसाइट पर अपडेट होंगे भाव

पाकिस्तान में अब रोजाना तय होंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें, OGRA की वेबसाइट पर अपडेट होंगे भाव

OGRA दैनिक आधार पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें तय करेगा। OGRA अपनी वेबसाइट पर ईंधन के वो भाव अपडेट करेगा, जिनका उपयोग कीमतें तय करने में किया जाता है।

pakistan, petrol price, diesel price, OGRA, turkish petroleum- India TV Hindi
Image Source : AFP OGRA की वेबसाइट पर अपडेट होंगे भाव

पाकिस्तान में अब दैनिक आधार पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें तय की जाएंगी। इस कदम का उद्देश्य पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से निपटना है। सरकार ने फरवरी के आखिर में मिडिल-ईस्ट में तनाव शुरू होने के बाद से ही कीमतों को साप्ताहिक आधार पर तय करना शुरू कर दिया था। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ शुक्रवार को ये घोषणा करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल ने कीमतें तय करने का काम तेल एवं गैस नियामकीय प्राधिकरण (OGRA) को सौंपने का फैसला किया है। 

OGRA की वेबसाइट पर अपडेट होंगे भाव

तेल एवं गैस नियामकीय प्राधिकरण दैनिक आधार पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें तय करेगा। OGRA न सिर्फ अपनी वेबसाइट पर ईंधन के वो भाव अपडेट करेगा, जिनका उपयोग कीमतें तय करने में किया जाता है, बल्कि उन कारकों के बारे में बताएगा, जिनकी वजह से हर पेट्रोल पंप पर हमें कीमतें दिखाई देती हैं। सरकार हर सप्ताह तेल की कीमतें तय करती रही है, लेकिन कम ईंधन कीमतों का फायदा आम लोगों तक पहुंचाने में देरी के कारण उसे आलोचना का सामना करना पड़ा है। 

सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी बना रही है पाकिस्तानी सरकार

पश्चिम एशिया में तनाव शुरू होने के बाद 7-दिनों में कीमत संशोधन की प्रक्रिया अपनाई गई थी। इससे पहले, कीमत हर 15 दिन पर तय की जाती थी। मलिक ने कहा कि ये कदम सरकार के उस फैसले का हिस्सा है, जिसके तहत सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी बनाया जा रहा है, ताकि लोग समझ सकें कि ईंधन की बढ़ती कीमतें क्यों जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि दैनिक आधार पर कीमतों की घोषणा अंतरराष्ट्रीय बाजार में सात-दिनों के साप्ताहिक औसत के आधार पर की जाएगी। 

पाकिस्तान में तेल और गैस उत्पादन के लिए आएगी तुर्किश पेट्रोलियम

मंत्री ने कहा कि नियमन के दायरे से बाहर करने की दिशा में एक और कदम के तौर पर, देश में कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार तय की जाएंगी, जिसके लिए किसी से सलाह लेने की जरूरत नहीं होगी। मलिक ने ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की हाल की तुर्की यात्रा के बाद, तुर्किश पेट्रोलियम 20 साल के अंतराल के बाद पाकिस्तान में तेल और गैस उत्पादन के लिए अक्टूबर में आएगी। 

PTI INPUTS

ये भी पढ़ें

आतंकी हमलों से दहला पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा, 3 पुलिसकर्मियों की मौत, 34 घायल

Latest Business News