1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अमेरिकी कंपनियों के टॉप अधिकारियों के साथ पीयूष गोयल की बैठक, भारत में निवेश के मौकों पर हुई चर्चा

अमेरिकी कंपनियों के टॉप अधिकारियों के साथ पीयूष गोयल की बैठक, भारत में निवेश के मौकों पर हुई चर्चा

एऑन के सीईओ ग्रेग केस के साथ बैठक में गोयल ने भारत में कंपनी के परिचालन और उसके आगे विस्तार के मौकों पर चर्चा की।

Piyush Goyal, Nike, Investment, make in india- India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/PIYUSHGOYAL अमेरिकी कंपनियों के टॉप अधिकारियों के साथ पीयूष गोयल की मुलाकात

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका की कई कंपनियों के टॉप अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की। इन बैठकों में भारत में निवेश के मौकों पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री 5 अक्टूबर तक अमेरिका में हैं। उन्होंने टारगेट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ लीगल एंड कंप्लायंस ऑफिसर ग्रांट मैक्गी के साथ भी मीटिंग की। टारगेट अमेरिका की एक प्रमुख रिटेल कंपनी है। 

भारत में मोंडेलेज की सात दशक पुरानी मौजूदगी का विस्तार करने के मौकों पर चर्चा

पीयूष गोयल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, ''मेक इन इंडिया पहल के तहत भारत में बढ़ रहे विनिर्माण अवसरों का टारगेट के लिए और ज्यादा लाभ उठाने, देश में अपनी मौजूदगी बढ़ाने और भारत से खरीद बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।'' उन्होंने मोंडेलेज इंटरनेशनल के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर अमित बनाती से भी मुलाकात की। मोंडेलेज इंटरनेशनल चॉकलेट और बिस्कुट ब्रांड से जुड़ी कंपनी है। गोयल ने कहा, ''हमने भारत में मोंडेलेज की सात दशक पुरानी मौजूदगी और उसके विनिर्माण, खरीद और निवेश का विस्तार करने के मौकों पर चर्चा की।'' 

गोयल ने एऑन के सीईओ ग्रेग केस के साथ भी की मुलाकात

एऑन के सीईओ ग्रेग केस के साथ बैठक में गोयल ने भारत में कंपनी के परिचालन और उसके आगे विस्तार के मौकों पर चर्चा की। एऑन एक ग्लोबल प्रोफेशनल सर्विस कंपनी है। इसके अलावा, गोयल ने टेक कंपनी कॉग्निशन के चीफ लीगल एंड ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर पॉल ग्रेवाल से भी मुलाकात की। आर्चर डेनियल्स मिडलैंड (एडीएम), शिकागो के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन और सीईओ जुआन रिकार्डो लुसियानो के साथ बैठक में मंत्री ने भारत में एडीएम की मौजूदगी बढ़ाने और निवेश के अवसरों पर चर्चा की। 

भारत के साथ नाइकी के लंबे जुड़ाव को आगे बढ़ाने के मौकों पर भी हुई चर्चा

इससे पहले, गोयल ने नाइकी की सीनियर लीडरशिप टीम के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। इसमें एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) वेंकटेश अलागिरिसामी, एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ लीगल ऑफिसर रॉब लेइनवांड तथा वाइस प्रेसिडेंट और चीफ गवर्नमेंट एंड पब्लिक रिलेशन्स ऑफिसर जॉर्ज कासिमिरो शामिल थे। मंत्री ने कहा, ''हमने भारत के साथ नाइकी के लंबे समय के जुड़ाव को आगे बढ़ाने के मौकों पर चर्चा की और विनिर्माण, स्थानीय खरीद तथा व्यापक खेल परिवेश में उसकी मौजूदगी को और बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया।''

ये भी पढ़ें

ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की बोली जीतने पर भारत में उत्पादन बढ़ाएगी लॉकहीड मार्टिन, 10.5 अरब डॉलर में 60 विमान खरीदेगा भारत

Latest Business News