प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 31 मार्च को गुजरात का दौरा करेंगे। पीएम मोदी अपने इस दौरे पर गुजरात के अलग-अलग शहरों और जिलों में 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी 5,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। ये एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाएगा, धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (DSIR) में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा और आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगा।
इदर-बडोली बाईपास रोड के निर्माण की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी मंगलवार को पक्की शोल्डर वाली चार लेन की इदर-बडोली बाईपास रोड के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। वे NH-754K के धोलावीरा-मौवाना-वाउवा-संतालपुर सेक्शन (पैकेज-II) को दो लेन की पक्की शोल्डर वाली सड़क में अपग्रेड करने की भी आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही पीएम गांधीनगर-कोबा-एयरपोर्ट रोड पर भाईजीपुरा जंक्शन पर बनने वाले फ्लाईओवर की आधारशिला रखेंगे। गांधीनगर-कोबा-आरोदराम रोड पर स्थित पीडीपीयू जंक्शन पर भी फ्लाईओवर का उद्घाटन किया जाएगा।
पीएम मोदी करेंगे केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के सानंद में स्थित केयन्स सेमीकॉन प्लांट का भी उद्घाटन करेंगे। केयन्स सेमीकॉन प्लांट के उद्घाटन के साथ ही इस प्लांट में कमर्शियल मैन्यूफैक्चरिंग की शुरुआत होगी, जो भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत में कमर्शियल मैन्यूफैक्चरिंग शुरू करने वाला ये दूसरा सेमीकंडक्टर प्लांट होगा।
पूरी तरह से डेवलप होने पर 6.33 मिलियन चिप्स बनाएगा प्लांट
इस प्लांट में कमर्शियल मैन्यूफैक्चरिंग की शुरुआत एडवांस्ड इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल (IPM) के निर्माण से होगी, जो ऑटोमोटिव और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण घटक हैं और जिन्हें कॉम्पैक्ट, कुशल और विश्वसनीय पावर स्विचिंग सिस्टम की आवश्यकता होती है। प्रत्येक मॉड्यूल में 17 चिप्स होते हैं और इनकी आपूर्ति कैलिफोर्निया स्थित अल्फा एंड ओमेगा सेमीकंडक्टर (एओएस) को की जाएगी। प्लांट के सभी चरण पूरे होने पर, इसकी उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 6.33 मिलियन यूनिट होगी।
Latest Business News