1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पुणे मेट्रो लाइन 3 को 100 महिला पायलट करेंगी ऑपरेट, देश के मेट्रो इतिहास में ऐसा पहली बार होगा

पुणे मेट्रो लाइन 3 को 100 महिला पायलट करेंगी ऑपरेट, देश के मेट्रो इतिहास में ऐसा पहली बार होगा

इस पहल का मकसद न सिर्फ महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है, बल्कि उन्हें ऐसे पेशों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है, जो अब तक खासतौर से पुरुषों के अधीन माने जाते थे।

मेट्रो लाइन 3 पर ट्रायल रन पहले से जारी है।- India TV Hindi
Image Source : PUNE METRO मेट्रो लाइन 3 पर ट्रायल रन पहले से जारी है।

पुणे मेट्रो लाइन 3 को पूरी तरह महिला पायलट ऑपरेट करेंगी। इसके लिए 100 महिला लोको पायलटों की भर्ती होगी। पुणे मेट्रो की लाइन 3 जल्द ही भारत के मेट्रो इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है। यह देश की पहली ऐसी मेट्रो लाइन होगी, जिसका संपूर्ण संचालन महिला लोको पायलटों द्वारा किया जाएगा। mypunepulse की खबर के मुताबिक, इस योजना को फ्रांसीसी परिवहन कंपनी कीओलिस यानी Keolis ने भारत में अपनी तरह की पहली और क्रांतिकारी पहल बताया है। इसका मकसद न सिर्फ महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है, बल्कि उन्हें ऐसे पेशों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है, जो अब तक खासतौर से पुरुषों के अधीन माने जाते थे।

23 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर

यह प्रोजेक्ट कीओलिस और पुणे आईटी सिटी मेट्रो रेल लिमिटेड के बीच हुए 10 साल के संचालन और रखरखाव अनुबंध का हिस्सा है। पुणे आईटी सिटी मेट्रो रेल लिमिटेड एक टाटा-सायमेंस की संयुक्त उद्यम कंपनी है, जिसे पुणे मेट्रो लाइन 3 के संचालन का जिम्मा सौंपा गया है। यह 23 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर शिवाजीनगर से हिंजवाड़ी तक फैला होगा, जो शहर के बिजनेस डिस्ट्रिक्ट को आईटी हब से जोड़ेगा।

मेट्रो लाइन 3 की खास बातें

पुणे आईटी सिटी मेट्रो रेल लिमिटेड के सीईओ अनिल कुमार सैनी ने कहा कि यह केवल एक हायरिंग नहीं है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों की महिलाओं को यह दिखाने की पहल है कि वे किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, यात्रा सुविधा और कार्यस्थल पर सहयोगी वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। संचालन और रखरखाव से जुड़ी करीब 1,000 नौकरियों का सृजन भी इस परियोजना के तहत होगा।

कब शुरू होगी ये मेट्रो लाइन

मेट्रो लाइन 3 पर ट्रायल रन पहले से जारी हैं, और व्यावसायिक संचालन मार्च 2026 तक शुरू होने की उम्मीद है। इस लाइन से रोजाना 1.5 लाख से ज्यादा आईटी प्रोफेशनल्स को फायदा होगा जो हिंजवाड़ी की ओर सफर करते हैं। मेट्रो के शुरू होते ही यातायात जाम में कमी और रूट के आसपास आर्थिक विकास में तेजी आने की संभावना है।

शहर की पहली PPP मॉडल मेट्रो लाइन

जहां लाइन 1 और 2 का संचालन महा मेट्रो द्वारा किया जा रहा है, वहीं लाइन 3 पुणे की पहली सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) आधारित मेट्रो लाइन है। इस प्रोजेक्ट की निगरानी पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के पास है। भविष्य में लाइन 4 (खडकवासला से खऱाड़ी होते हुए हडपसर) तक विस्तार की योजना भी है।

Latest Business News