पुणे-नाशिक औद्योगिक एक्सप्रेसवे की योजना अंतिम चरण में है। इसकी मंजूरी मिलने के बाद, एक्सप्रेसवे अगले तीन वर्षों में पूरा हो जाएगा। ये जानकारी विधान परिषद में विधायक सत्यजीत तांबे के एक सवाल का जवाब देते हुए महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भूसे ने दी। गौरतलब है कि पुणे-नाशिक औद्योगिक एक्सप्रेसवे, महाराष्ट्र सरकार की एक बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजना है जो विकास को बढ़ावा देगी। सरकार का कहना है कि इस एक्सप्रेस के पूरा होने पर, पुणे और नासिक के बीच यात्रा का समय घटकर 2.5 से 3 घंटे रह जाएगी, जिससे दोनों शहरों के बीच उद्योगों, परिवहन और पर्यटन को काफी फायदा मिलेगा। अभी दोनों शहरों के बीच यात्रा करने में 5 घंटे से अधिक समय लगता है।
औद्योगिक गलियारा को बढ़ावा मिलेगा
पुणे-नाशिक एक्सप्रेसवे, दोनों शहरों को जोड़ने के साथ एक मजबूत औद्योगिक गलियारा बनाने में मदद करेगा, जिससे कई छोटे, मध्यम और बड़े उद्योगों को सीधा संपर्क मिलेगा, जिससे रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित एक्सप्रेसवे कई तीर्थ स्थलों को भी जोड़ेगा। भूसे ने यह भी बताया कि एक्सप्रेसवे के रूट (अलाइनमेंट) को लेकर कुछ तकनीकी पहलुओं पर काम किया जा रहा है।
सरकार ने पिछले साल दी थी मंजूरी
बताते चलें कि सरकार ने पिछले साल फरवरी में पुणे-नाशिक इंडस्ट्रियल एक्सप्रेसवे को मंजूरी दे दी थी। यह हाईवे सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा, जिससे न केवल महाराष्ट्र, बल्कि अन्य राज्यों को भी लाभ मिलेगा। यह एक्सप्रेसवे लगभग 133 किलोमीटर लंबा होगा और निर्माण 3 साल में पूरा होने की उम्मीद है। इसके लिए 1545 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। अहिल्यानगर और नासिक जैसे शहर महाराष्ट्र के प्रमुख आर्थिक केंद्र हैं, और इस एक्सप्रेसवे से इन क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
Latest Business News