1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. RBI बेचेगा 1 लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां, जानें कब और कहां लगा सकेंगे बोलियां

RBI बेचेगा 1 लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां, जानें कब और कहां लगा सकेंगे बोलियां

बैंकिंग सिस्टम में उपलब्ध फंड्स की मौजूदा स्थिति और उसमें हो रहे बदलाव की समीक्षा के बाद रिजर्व बैंक ने 3 चरणों में कुल 1,00,000 करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां बेचने का फैसला किया है।

government securities, RBI, RBI bonds, OMO sales, reserve bank of india- India TV Hindi
Image Source : AFP भारतीय रिजर्व बैंक

भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को 3 अलग-अलग चरणों में ओपन मार्केट ऑपरेशन (OMO) के तहत 1 लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां बेचने की घोषणा की। पहला चरण 17 सितंबर को होगा। आरबीआई के अनुसार, पहले चरण में 17 सितंबर को 50,000 करोड़ रुपये और उसके बाद 21 सितंबर और 28 सितंबर को 25,000-25,000 करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां बेची जाएंगी। 

2029 से लेकर 2032 तक मैच्यॉर होंगी पहली नीलामी की सरकारी प्रतिभूतियां

भारतीय रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा, ''बैंकिंग सिस्टम में उपलब्ध फंड्स की मौजूदा स्थिति और उसमें हो रहे बदलाव की समीक्षा के बाद रिजर्व बैंक ने 3 चरणों में कुल 1,00,000 करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां बेचने का फैसला किया है।'' पहली नीलामी में 2029, 2030, 2031 और 2032 में मैच्यॉर होने वाली सरकारी प्रतिभूतियां बेची जाएंगी। 

17 सितंबर को होने वाली नीलामी में शामिल होंगी 6 सरकारी प्रतिभूतियां

17 सितंबर को होने वाली नीलामी में 6 सरकारी प्रतिभूतियां (GS) शामिल होंगी, जिनकी मैच्योरिटी की तारीखें मार्च 2029 से फरवरी 2032 के बीच होंगी। इनमें 7.59% GS 2029, 6.79% GS 2029, 7.61% GS 2030, 5.77% GS 2030, 6.68% GS 2031 और 8.28% GS 2032 शामिल हैं। आरबीआई ने कहा कि नीलामी 17 सितंबर को सुबह 09:30 बजे से 10:30 बजे के बीच होगी। 

सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे के बीच RBI के E-Kuber के जरिए जमा की जा सकेंगी बोलियां 

स्कीम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को 17 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे के बीच RBI के कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (E-Kuber) सिस्टम के जरिए इलेक्ट्रॉनिक रूप से अपनी बोलियां जमा करनी होंगी। नीलामी के नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे। सफल प्रतिभागियों को ये सुनिश्चित करना होगा कि प्रतिभूतियां 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक उनके सब्सिडियरी जनरल लेजर (SGL) अकाउंट में उपलब्ध हों।

विदेशी मुद्रा आने से बैंकों में उपलब्ध फंड्स में भारी बढ़ोतरी

ये घोषणा ऐसे समय हुई है जब विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) (एफसीएनआर-बी) जमा के जरिये विदेशी मुद्रा आने से बैंकों में उपलब्ध फंड्स काफी बढ़ गया है। अतिरिक्त फंड्स को वापस लेने के लिए आरबीआई लगातार वेरिएबल रेट रिवर्स रेपो (VRRR) नीलामी भी कर रहा है। बैंकों द्वारा एफसीएनआर (बी) जमा में बड़ी मात्रा में फंड्स जुटाए जाने के बाद बैंकों में उपलब्ध नकदी में तेज बढ़ोतरी हुई है। 

ये भी पढ़ें

ग्वांगझू और दिल्ली के बीच फिर शुरू होंगी फ्लाइट्स, शी जिनपिंग के दौरे से पहले चाइना सदर्न एयरलाइंस ने की घोषणा

Latest Business News