1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इस महानगर में लोगों ने बीते महीने खूब कराए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन, इतने यूनिट रिकॉर्ड में आए

इस महानगर में लोगों ने बीते महीने खूब कराए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन, इतने यूनिट रिकॉर्ड में आए

सरकार ने हाई वैल्यू के लेन-देन के चलते मार्च में संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन के जरिये लगभग 1,600 करोड़ रुपये का रेवेन्यू अर्जित किया, जो अब तक का सबसे अधिक है।

मुंबई के रियल एस्टेट बाजार ने मार्च 2025 में उल्लेखनीय मजबूती दिखाई।- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY मुंबई के रियल एस्टेट बाजार ने मार्च 2025 में उल्लेखनीय मजबूती दिखाई।

मुंबई में घरों की जबरदस्त डिमांड का ही असर रहा कि मुंबई नगरपालिका क्षेत्र में संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन मार्च में सालाना 9.5 प्रतिशत बढ़कर 15,482 यूनिट हो गया, जबकि मार्च 2024 में 14,149 यूनिट संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन किया गया। पीटीआई की खबर के मुताबिक, फरवरी 2025 में, प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन 12,066 यूनिट था। महाराष्ट्र सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए, रियल एस्टेट कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक इंडिया ने बीते सोमवार को कहा कि मुंबई के रियल एस्टेट बाजार ने मार्च 2025 में उल्लेखनीय मजबूती दिखाई।

लगभग 1,600 करोड़ रुपये का रेवेन्यू

खबर के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार ने उच्च मूल्य के लेन-देन के चलते मार्च में संपत्तियों के पंजीकरण के जरिये लगभग 1,600 करोड़ रुपये का रेवेन्यू अर्जित किया, जो अब तक का सबसे अधिक है। कंसल्टेंट ने कहा कि यह उछाल मजबूत होमबायर भावनाओं, स्थिर आर्थिक स्थितियों और बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के विकास के संयोजन को दर्शाता है। आवासीय संपत्तियों का दबदबा जारी रहा, जो मार्च में सभी रजिस्ट्रेशन का लगभग 80 प्रतिशत था। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि प्रीमियम घरों की मजबूत मांग निरंतर खरीदार के विश्वास और आर्थिक स्थिरता को दर्शाती है, जबकि बड़े अपार्टमेंट के लिए प्राथमिकता घर खरीदारों की बढ़ती आकांक्षाओं का संकेत देती है।

ब्याज दरों में ढील दी गई तो मिलेगा बाजार को बढ़ावा

आने वाले महीनों में ब्याज दरों में अपेक्षित ढील से बाजार की धारणा को और बढ़ावा मिलने की संभावना है। इन आंकड़ों पर कमेंट करते हुए, प्रॉपटेक फर्म रेलॉय के संस्थापक और सीईओ अखिल सराफ ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में बिक्री में कुछ रुकावटों का सामना करने के बावजूद, यह देखना उत्साहजनक है कि मुंबई क्षेत्र में रजिस्ट्रेशन संख्या पिछले साल की तुलना में बढ़ी है। यह एक सकारात्मक संकेत है कि बाजार सुधार की राह पर है।

 उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में और कटौती की संभावना के कारण 2025-26 वित्तीय वर्ष में मांग मजबूत रहने की संभावना है। सराफ ने कहा कि हाई-एंड और लग्जरी सेगमेंट में मांग लगातार बढ़ रही है। अच्छी लोकेशन वाली परियोजनाओं और वांछित सुविधाओं वाले प्रतिष्ठित डेवलपर्स अपनी संपत्तियां तेजी से बेच रहे हैं और हमें उम्मीद है कि यह ट्रेंड बना रहेगा।

Latest Business News