1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gaming की दुनिया में भी एंट्री मारेगा रिलायंस, E-Sports बिजनेस के लिए BLAST के साथ मिलाए हाथ

Gaming की दुनिया में भी एंट्री मारेगा रिलायंस, E-Sports बिजनेस के लिए BLAST के साथ मिलाए हाथ

रिलायंस इंडस्ट्रीज के एक बयान के अनुसार, रिलायंस और ब्लास्ट भारत में गेमिंग मार्केट में लीडिंग इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) डेवलप करने के लिए पार्टनरशिप करेंगे। प्रशंसकों, खिलाड़ियों और ब्रांडों के लिए भारतीय बाजार में ब्लास्ट की ग्लोबल आईपी पेश करेंगे।

reliance industries, video games, gaming, online games, blast, esports, Esports business, reliance j- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK रिलायंस के इस बिजनेस में जियो भी निभाएगा अहम भूमिका

भारत के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस अब जल्द ही वीडियो गेम्स की दुनिया में भी एंट्री मारने वाली है। रिलायंस की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडरी कंपनी राइज वर्ल्डवाइड ने भारत में ई-स्पोर्ट्स बिजनेस के लिए एक जॉइंट वेंचर बनाएगा। इसके लिए राइज वर्ल्डवाइड ने ब्लास्ट ई-स्पोर्ट्स के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एक बयान के अनुसार, रिलायंस और ब्लास्ट भारत में गेमिंग मार्केट में लीडिंग इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) डेवलप करने के लिए पार्टनरशिप करेंगे। प्रशंसकों, खिलाड़ियों और ब्रांडों के लिए भारतीय बाजार में ब्लास्ट की ग्लोबल आईपी पेश करेंगे। 

दुनिया के सबसे बड़े कॉम्पिटीशन आयोजकों में से एक है ब्लास्ट

डेनमार्क स्थित एपीएस की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडरी कंपनी ब्लास्ट दुनिया के सबसे बड़े कॉम्पिटीशन आयोजकों में से एक है। बयान के अनुसार, ‘‘ जॉइंट वेंचर का लक्ष्य भविष्य में टॉप लेवल  इवेंट्स को आकर्षित करना है।’’ ब्लास्ट के सीईओ रॉबी डोएक ने इस पार्टनरशिप को लेकर कहा, ‘‘ भारत में अद्भुत विशेषज्ञता और देश के कोने-कोने में जबरदस्त पहुंच रखने वाली कंपनी रिलायंस के साथ पार्टनरशिप से हमें रीजनल ई-स्पोर्ट्स परिदृश्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का बेहतरीन मौका मिला है।’’ 

दुनिया के 18 प्रतिशत गेमर्स भारत में

रिलायंस ने अपने बयान में कहा, ''भारत सबसे तेजी से बढ़ता हुआ गेमिंग मार्केट है, जिसमें ~600 मिलियन से ज्यादा (ग्लोबल लेवल पर कुल गेमर्स का 18%) गेमर्स का जबरदस्त बेस है। भारत के गेमिंग मार्केट के ~19% CAGR से बढ़कर 2029 तक 9.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जो 2024 में 3.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। भारत सरकार ने ई-स्पोर्ट्स को "मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट" कैटेगरी का हिस्सा घोषित करके देश में आधिकारिक रूप से इसे मान्यता दे दी है।''

रिलायंस के इस बिजनेस में जियो भी निभाएगा अहम भूमिका

रिलायंस स्पोर्ट्स के प्रमुख देवांग भीमज्यानी ने ब्लास्ट के साथ पार्टनरशिप पर कहा, ‘‘ इस जॉइंट वेंचर के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज स्पोर्ट्स में अपनी दिलचस्पी को ई-स्पोर्ट्स तक लेकर जाएगा। गेम इवेंट्स और टीमों की मार्केटिंग और प्रचार के लिए राइज की क्षमता का लाभ उठाएगा, साथ ही इसमें जियो अपनी डिस्ट्रीब्यूशन और टेक्नोलॉजी एक्सपर्टीज प्रदान करेगा।’’

Latest Business News