1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ₹2000 के नोट अब भी पड़े हैं लोगों के पास, ₹6266 करोड़ है वैल्यू, आपके पास हैं तो यहां लौटाएं

₹2000 के नोट अब भी पड़े हैं लोगों के पास, ₹6266 करोड़ है वैल्यू, आपके पास हैं तो यहां लौटाएं

आरबीआई ने 2 मई को एक बयान में कहा कि प्रचलन में 2000 रुपये के नोटों का कुल मूल्य, जो 19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था।

19 मई, 2023 को 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की गई थी।- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK 19 मई, 2023 को 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की गई थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के द्वारा 2000 रुपये के नोट को वापस लेने के फैसले को करीब दो साल हो गए, लेकिन बड़ी संख्या में ये नोट अब भी लोगों के पास पड़े हैं। ये इतनी संख्या में हैं कि इसकी कुल वैल्यू 6266 करोड़ रुपये है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, आरबीआई ने शुक्रवार को अपने ताजा आंकड़ों में यह जानकारी दी है। आपको बता दें, नोट को वापस लेने के फैसले के बाद भी 2000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी।

30 अप्रैल, 2025 तक 6,266 करोड़ रुपये वैल्यू के नोट लोगों के पास

खबर के मुताबिक, आरबीआई ने 2 मई को एक बयान में कहा कि प्रचलन में 2000 रुपये के नोटों का कुल मूल्य, जो 19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था, 30 अप्रैल, 2025 को कारोबार की समाप्ति पर घटकर 6,266 करोड़ रुपये रह गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि इस प्रकार, 19 मई, 2023 तक प्रचलन में 2000 रुपये के 98.24 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं।

यहां जमा कर सकते हैं 2000 के नोट

अगर आपके पास अभी भी 2000 रुपये के नोट पड़े हैं तो ऐसा नहीं है कि आप इसे बदल नहीं सकते। हां, इसके लिए आपको भारतीय रिजर्व बैंक के 19 क्षेत्रीय कार्यालय में जाना होगा, क्योंकि बैंकों की शाखाओं में ऐसे नोटों को जमा करने और/या बदलने की सुविधा 7 अक्टूबर, 2023 तक ही थी।

9 अक्टूबर, 2023 से, आरबीआई निर्गम कार्यालय या क्षेत्रीय कार्यालय व्यक्तियों और संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपये के बैंक नोट स्वीकार कर रहे हैं। साथ ही, लोग देश के किसी भी डाकघर से भारतीय डाक के माध्यम से 2000 रुपये के बैंक नोट को अपने बैंक खातों में जमा करने के लिए आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय में भेज सकते हैं।

Latest Business News