1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 96.90 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मजबूत डॉलर ने बढ़ाया दबाव

96.90 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मजबूत डॉलर ने बढ़ाया दबाव

मंगलवार को भारतीय रुपये में लगातार 8वें दिन गिरावट दर्ज की गई और ये 50 पैसे के नुकसान के साथ 96.70 प्रति डॉलर के नए ऑल टाइम लो लेवल पर बंद हुआ था।

indian rupee, rupee, indian currency, Interbank Foreign Exchange Market, dollar index, crude oil pri- India TV Hindi
Image Source : AFP भारतीय मुद्रा में गिरावट जारी

भारतीय मुद्रा की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया 20 पैसे टूटकर अब तक के निचले स्तर 96.90 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव से डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण घरेलू मुद्रा पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निकासी और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट भी रुपये पर दबाव डाल रहे हैं। इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्केट में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.89 पर खुला। कारोबार शुरू होने के बाद रुपये में और गिरावट आई और ये 96.90 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे कम था।

मंगलवार को लगातार 8वें दिन गिरावट के साथ बंद हुआ रुपया

बताते चलें कि मंगलवार को भारतीय रुपये में लगातार 8वें दिन गिरावट दर्ज की गई और ये 50 पैसे के नुकसान के साथ 96.70 प्रति डॉलर के नए ऑल टाइम लो लेवल पर बंद हुआ था। इस बीच, 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को बताने वाला डॉलर इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.26 पर रहा। केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि बुधवार को US डॉलर इंडेक्स 99.4 के आस-पास रहा और इसी के साथ ये 6 हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट

बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 517.11 अंक टूटकर 74,667.51 अंक पर जबकि निफ्टी 152.45 अंक फिसलकर 23,475.80 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 110.59 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,457.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। 

अगले 2-3 दिनों में ईरान पर फिर हमले शुरू कर सकता है अमेरिका

अजय केडिया ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर के बाजारों में महंगाई की चिंताएं बढ़ गई हैं। बताते चलें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान ने शांति की शर्तों को नहीं माना तो अमेरिका अगले 2-3 दिनों में ईरान पर फिर से हमले शुरू कर सकता है।

Latest Business News