1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. HDFC Bank में दोबारा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO का पद नहीं लेंगे शशिधर जगदीशन, अक्टूबर में होंगे रिटायर

HDFC Bank में दोबारा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO का पद नहीं लेंगे शशिधर जगदीशन, अक्टूबर में होंगे रिटायर

एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि शशिधर जगदीशन ने 26 अक्टूबर को अपना मौजूदा कार्यकाल खत्म होने के बाद दोबारा नियुक्ति के लिए विचार किए जाने से खुद को अलग कर लिया है।

hdfc bank, Sashidhar Jagdishan, hdfc bank share price- India TV Hindi
Image Source : HDFC BANK शशिधर जगदीशन

एचडीएफसी बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शशिधर जगदीशन अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा पद ग्रहण नहीं करेंगे। प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े लेंडर एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि शशिधर जगदीशन ने 26 अक्टूबर को अपना मौजूदा कार्यकाल खत्म होने के बाद दोबारा नियुक्ति के लिए विचार किए जाने से खुद को अलग कर लिया है। बताते चलें कि एचडीएफसी बैंक में लगभग तीन दशक तक सेवाएं देने के बाद 61 साल के शशिधर जगदीशन इस साल 26 अक्टूबर को रिटायर हो जाएंगे।

एचडीएफसी बैंक ने शशिधर जगदीशन के विषय पर शेयर बाजारों को दी सूचना

शेयर बाजार को दी सूचना के मुताबिक, एचडीएफसी बैंक का बोर्ड शशिधर जगदीशन के उत्तराधिकारी के चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया को समय रहते तेजी से पूरा करेगा। बैंक ने बताया कि जगदीशन ने मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के रूप में दोबारा नियुक्ति न लेने के अपने फैसले की जानकारी दी और बोर्ड के मनाने के बावजूद अपने फैसले पर कायम रहे। 

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने की शशिधर जगदीशन की सेवाओं की सराहना

सूचना में कहा गया कि एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने बैंक की ग्रोथ और स्थिरता में उनकी प्रतिबद्धता, नेतृत्व तथा योगदान और भारतीय कॉरपोरेट जगत के सबसे बड़े मर्जर में से एक को सफलतापूर्वक पूरा करने में उनकी भूमिका की सराहना की। बोर्ड ने जगदीशन को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। 

देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक को लेकर हो रही हैं तरह-तरह की बातें

जगदीशन की दोबारा नियुक्ति का मुद्दा गहन अटकलों का विषय रहा है, खासकर इस साल मार्च में नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के बाद, जिन्होंने बैंक में नैतिकता और प्रशासनिक तौर-तरीकों पर चिंता जताई थी। कुछ सप्ताह पहले, एमएसआरडीसी मामले में गलत आचरण का दोषी पाए जाने के बाद जगदीशन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जहां आरोप थे कि बैंक में बड़ी राशि रखने के लिए एक जमाकर्ता को कार्ड ब्याज दर से ज्यादा भुगतान किया गया था। हाल के महीनों में कई अन्य ऐसे मामले भी सामने आए हैं जो बैंक में प्रशासनिक तौर-तरीकों की कमी की ओर इशारा करते हैं।

ये भी पढ़ें

वरिष्ठ नागरिकों को FD पर मिल रहा 8.50% तक का बंपर ब्याज, जानें कितने समय के लिए जमा करने होंगे पैसे

Latest Business News