A
Hindi News पैसा बिज़नेस Sensex 1600 अंक उछला, आखिर शेयर मार्केट में रातों-रात ऐसा क्या हुआ? जानें यू-टर्न मारने की वजह

Sensex 1600 अंक उछला, आखिर शेयर मार्केट में रातों-रात ऐसा क्या हुआ? जानें यू-टर्न मारने की वजह

आज शेयर बाजार निवेशकों के चेहरे खिले हुए हैं। हो भी क्यों न! बड़ी गिरावट के बाद शेयर बाजार में जो शानदार तेजी लौट आई है।

Share Market jumps - India TV Paisa Image Source : FILE शेयर मार्केट

Share Market में 'मंगल ही मंगल है। सोमवार को बड़ी गिरावट के बाद आज यानी मंगलवार को बाजार में शानदार तेजी लौटी है। सेंसेक्स 1600 अंक से अधिक उछलकर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी भी 445.45 अंकों की तेजी के साथ 22,607.05 के पार पहुंच गया है। आखिर शेयर मार्केट में रातों-रात ऐसा क्या हुआ कि बाजार ने यू-टर्न ले लिया है। अगर आप भी शेयर बाजार में निवेश करते हैं तो इस सवाल का जवाब जरूर ढूंढ रहे होंगे। आइए जानते हैं कि शेयर बाजार में शानदार तेजी के पीछे की वजह। 

ग्लोबल मार्केट में रिकवरी

सोमवार को बड़ी गिरावट के बाद ग्लोबल मार्केट में जबरदस्त रिकवरी आई है। एशियाई बाजार भी उछले है। जापान का निक्केई 5.6% चढ़ा, हांगकांग का हैंग सेंग 1.7% और चीन का ब्लू-चिप इंडेक्स 0.6% चढ़ा है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर आज हुआ है। भारतीय शेयर बाजार में उछाल के पीछे की वजह ग्लोबल के साथ अमेरिका से राहत की उम्मीद है। निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका अपने सख्त टैरिफ रुख में नरमी ला सकता है। 

ब्याज दर घटने की उम्मीद 

भारतीय रिजर्व बैंक की 9 अप्रैल को होने वाली मौद्रिक नीति बैठक से पहले बाजार में उत्साह बना हुआ है। उम्मीद है कि रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती हो सकती है, जिससे ग्रोथ सपोर्ट के लिए नीतिगत रुख नरम हो सकता है। कई जानकार 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती की बात कर रहे हैं। अगर ऐसा हुआ तो होम लोन, कार लोन समेत तमाम लोन की ईएमआई घटेगी। यह बाजार में डिमांड को बढ़ाएगा। इसका भी असर देखने को मिल रहा है। 

गिरावट के बाद खरीदारी 

शेयर बाजार निवेशक हालिया गिरावट का फायदा उठा रहे हैं। निफ्टी अपने उच्चतम स्तर से 14.8% नीचे है, जबकि मिड-कैप और स्मॉल-कैप इंडेक्स में क्रमशः 19% और 22% की गिरावट हुई है। इसका फायदा उठाकर निवेशक अच्छी कंपनियों के स्टॉक्स में पैसा ​लगा रहे हैं। इससे बाजार को सपोर्ट मिला है। 

क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतें 65 डॉलर के नीचे आ गईं जो अगस्त 2021 के बाद सबसे निचला स्तर है। ब्रेंट क्रूड और WTI में बड़ी गिरावट आई है, जिससे महंगाई पर दबाव कम होने की संभावना है। भारत अपनी जरूरत का 85 फीसदी तेल का आयात करता है। क्रूड ऑयल सस्ता होने से भारत को बड़ा फायदा होगा। इसका असर भी आज बाजार पर दिखाई दे रहा है। बाजार में शानदार तेजी है। 

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट 

अमेरिका की 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 4.14% तक गिर गई है, और डॉलर इंडेक्स 102.92 पर ट्रेड कर रहा। इससे भारतीय शेयरों में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है, जो बाजार में और निवेश बढ़ा सकता है। विदेशी निवेशकों की वापसी से भी बाजार में तेजी लौटी है। 

Latest Business News