1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इस राज्य में अब 24 घंटे दुकानें खोल सकेंगे दुकानदार, खुद मुख्यमंत्री ने दी अनुमति

इस राज्य में अब 24 घंटे दुकानें खोल सकेंगे दुकानदार, खुद मुख्यमंत्री ने दी अनुमति

मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित प्रावधानों के तहत दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को चौबीस घंटे चलाने करने की अनुमति दी गई है।

himachal pradesh, Sukhvinder Singh Sukhu, shops, shops timings in himachal pradesh, subsidy- India TV Hindi
Image Source : AFP चौबीसों घंटे दुकान खोल सकेंगे दुकानदार

देर रात तक दुकानदारी करने की इच्छा रखने वाले तमाम दुकानदारों के लिए एक बहुत अच्छी खबर आई है। अब दुकानदार सिर्फ देर रात तक ही नहीं, बल्कि 24 घंटे अपनी दुकान खोल सकेंगे। खास बात ये है कि देर रात तक दुकान खुली रखने पर शासन-प्रशासन की ओर से कोई भी दिक्कत-परेशानी नहीं होगी। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद पूरे राज्य में चौबीसों घंटे दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति दी है।

दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम, 1969 में किया गया संशोधन

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य के श्रम कानूनों में संशोधन के बाद अब हिमाचल प्रदेश में दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान चौबीस घंटे खुले रह सकेंगे। सुक्खू ने मंगलवार शाम श्रम और रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम, 1969 और संबंधित नियमों में संशोधन किया है ताकि पूरे राज्य में कानून का ज्यादा प्रभावी तरीके से कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

दुकानदारों के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी होगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित प्रावधानों के तहत दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को चौबीस घंटे चलाने करने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा, ''इससे दुकानदारों के लिए चीजें लचीली होंगी और उपभोक्ताओं को भी अपनी सुविधानुसार खरीदारी करने में मदद मिलेगी।'' मुख्यमंत्री ने विभाग को प्रमाण पत्र और लाइसेंस सहित अपनी सभी सेवाओं की पहुंच को पूरी तरह से डिजिटल बनाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को इन दस्तावेजों को प्राप्त करने में किसी भी तरह की असुविधा न हो। 

युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने पर मिलेगी 50% सब्सिडी

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों से कहा कि वे अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं से सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करें। सुक्खू ने सरकार की रोजगार सृजन पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना-2023 के तहत युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, ''वित्त वर्ष 2026-27 में 500 और युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी, जिसके लिए बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।'' 

ये भी पढ़ें-

क्या E85 फ्यूल आने से बंद हो जाएंगी E20 फ्यूल वाली गाड़ियां? पेट्रोलियम मंत्री ने दिया ये जवाब

Latest Business News