देश की तेज रफ्तार ट्रेनों में गिनी जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों में एक ऐसी भी है, जो सबसे कम दूरी तय करती है और यात्रियों को दिल्ली से महज़ 8 घंटे 20 मिनट में उनके गंतव्य तक पहुंचा देती है। बेहद कम समय और सुविधाजनक सफर के कारण यह राजधानी यात्रियों की काफी पसंदीदा ट्रेन भी है। आखिर कितनी है इसकी दूरी और क्यों है यह इतना खास, आइए यहां इसी पर चर्चा करते हैं।
नई दिल्ली-जम्मू तवी राजधानी एक्सप्रेस
जी हां, नई दिल्ली-जम्मू तवी के बीच चलने वाली 12425 राजधानी एक्सप्रेस देश की सबसे छोटी दूरी तय करने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन है। यह ट्रेन महज 577 किलोमीटर की ही दूरी तय करती है, जिसमें 8 घंटे 20 मिनट का समय लगता है। यह ट्रेन नंबर 12425 राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से 20 बजकर 40 मिनट पर चलती है और यह 5 बजे जम्मू तवी पहुंच जाती है। इस ट्रेन में एसी3, एसी2 और एसी फर्स्ट क्लास के कोच लगे हैं। यह सप्ताह के सातों दिन चलती है।
स्टॉपेज और किराया
12425 राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन नई दिल्ली से चलकर लुधियाना, पठानकोट कैंट, कठुआ स्टेशन पर रुकती हुई जम्मू तवी पहुंचती है। इस ट्रेन में अगर आप एसी3 कोच में सीट बुक करते हैं तो नई दिल्ली से जम्मूतवी का किराया 1690 रुपये है। एसी2 के लिए यह किराया 2280 रुपये है और एसी फर्स्ट क्लास के लिए 2785 रुपये है।
क्या है राजधानी एक्सप्रेस
राजधानी एक्सप्रेस भारतीय रेल की सबसे प्रीमियम और प्रतिष्ठित ट्रेनों में से एक है। यह ट्रेन शृंखला देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को भारत के विभिन्न राज्यों की राजधानियों से जोड़ती है। अपनी तेज रफ्तार, समयपालन, बेहतरीन सुविधाओं और आरामदायक यात्रा के लिए राजधानी एक्सप्रेस देशभर के यात्रियों के बीच बेहद पॉपुलर है।
Latest Business News