1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Silver and Gold Price: 2 दिनों में 5200 रुपये सस्ती हुई चांदी, आज सोने के भाव बढ़े

Silver and Gold Price: 2 दिनों में 5200 रुपये सस्ती हुई चांदी, आज सोने के भाव बढ़े

जहां एक तरह आज सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर आज चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
Image Source : PTI पिछले हफ्ते भारी बिकवाली की वजह से कीमतों में देखी गई तेज गिरावट

Silver and Gold Rate: विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख के बीच सोमवार को राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 300 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1,29,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का दाम 1500 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,29,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का दाम भी 300 रुपये बढ़कर 1,29,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले हफ्ते शुक्रवार को इसकी कीमतें 1500 रुपये की गिरावट के साथ 1,28,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थीं।

चांदी की कीमतों में आज फिर बड़ी गिरावट

जहां एक तरह आज सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर आज चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 1000 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,63,800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को भी चांदी की कीमतों में 4200 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके बाद इसका भाव 1,64,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। यानी, बीते दो सत्रों में चांदी 5200 रुपये सस्ती हो चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आज कैसा रहा सोने-चांदी का कारोबार

आज अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 4077.35 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि हाजिर चांदी 0.66 प्रतिशत बढ़कर 50.89 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा, "मजबूत डॉलर के कारण हाजिर सोना फिलहाल स्थिर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान पर जापान की टिप्पणी को लेकर चीन-जापान तनाव से गिरावट कम हुई है।"

पिछले हफ्ते भारी बिकवाली की वजह से कीमतों में देखी गई तेज गिरावट

ऑग्मोंट में रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी ने कहा, "पिछले हफ्ते बाजार में भारी बिकवाली हुई, जो अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की आक्रामक टिप्पणियों से शुरू हुई थी, जिससे दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम हो गई थीं। इस वजह से सोने की कीमतों में 2.5 प्रतिशत और चांदी की कीमतों में 5.5 प्रतिशत की गिरावट आई।" चैनानी ने आगे कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरों को अपरिवर्तित बनाए रखने के औचित्य के तौर पर शटडाउन ब्लैकआउट का हवाला दे रहा है।

Latest Business News