1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 5000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में भी 2300 रुपये की तेजी- चेक करें आज के ताजा भाव

5000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में भी 2300 रुपये की तेजी- चेक करें आज के ताजा भाव

एक्सपर्ट्स ने कहा कि कीमती धातुओं में हालिया गिरावट के बाद कीमतें घटने पर होने वाली खरीदारी के कारण सर्राफा की कीमतों में सुधार आया है।

Gold Price Today, Gold Rate Today, Gold Price Today on 27th september 2025, Silver Price Today on 27- India TV Hindi
Image Source : PTI कीमत घटने पर कारोबारियों ने बढ़ाई खरीदारी

Gold and Silver Price: कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतें 5,000 रुपये बढ़कर 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि सोने का भाव बढ़कर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, आज चांदी की कीमत 5,000 रुपये (2.11 प्रतिशत) बढ़कर 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी की कीमतें 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इसके साथ ही, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2,300 रुपये (1.52 प्रतिशत) बढ़कर 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले सत्र में ये 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 

कीमत घटने पर कारोबारियों ने बढ़ाई खरीदारी

एक्सपर्ट्स ने कहा कि कीमती धातुओं में हालिया गिरावट के बाद कीमतें घटने पर होने वाली खरीदारी के कारण सर्राफा की कीमतों में सुधार आया है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी ने कहा कि सोमवार को सोने की कीमतों में सुधार आया, क्योंकि व्यापारियों ने सस्ते में खरीदारी बढ़ा दी। सोने और चांदी की कीमतों को डॉलर में आई नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि कीमती धातुओं के पश्चिम एशिया में होने वाले भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रति संवेदनशील बने रहने की उम्मीद है, जो घरेलू बाजारों में बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, आज हाजिर चांदी 0.5 प्रतिशत बढ़कर 73.37 डॉलर प्रति औंस हो गई और सोना 0.14 प्रतिशत बढ़कर 4,682.80 डॉलर प्रति औंस हो गया। मिराए एसेट शेयरखान के प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर सोना लगभग 0.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,680 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 7 अप्रैल की समय सीमा से पहले संघर्ष विराम की संभावना के बीच कच्चे तेल की कीमतें नरम पड़ गईं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिका के मजबूत वृहद आर्थिक आंकड़ों की वजह से सोने की कीमतों में तेजी सीमित रह सकती है।

Latest Business News