A
Hindi News पैसा बिज़नेस 2 दिन में 1.34 लाख रुपये सस्ती हुई चांदी, सोने के दाम में ₹45,000 की गिरावट, अभी और गिरेंगी कीमतें

2 दिन में 1.34 लाख रुपये सस्ती हुई चांदी, सोने के दाम में ₹45,000 की गिरावट, अभी और गिरेंगी कीमतें

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर, मार्च की डिलिवरी वाली चांदी की कीमत 26,273 रुपये (9 प्रतिशत) लुढ़ककर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने लोअर सर्किट पर बंद हुई।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Paisa Image Source : PIXABAY 2 दिनों में 44,992 रुपये सस्ता हुआ सोना

Silver and Gold Rate: सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद औंधे मुंह गिर रही हैं। रविवार को सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को चांदी में लोअर सर्किट लगा और इसका भाव 26,273 रुपये (9 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। चांदी के अलावा, सोने की कीमतें भी रविवार को 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। सोने और चांदी की कीमतों में इस गिरावट का प्रमुख कारण मुनाफावसूली बताया जा रहा है। निवेशकों ने ऊंचे भाव पर सोना और चांदी बेचकर मोटा मुनाफा कमाया है।

शुक्रवार को 27 प्रतिशत गिरी थी चांदी की कीमत

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर, मार्च की डिलिवरी वाली चांदी की कीमत 26,273 रुपये (9 प्रतिशत) लुढ़ककर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने लोअर सर्किट पर बंद हुई। जबकि शुक्रवार को चांदी 1,07,968 रुपये (27 प्रतिशत) गिरकर 2,91,925 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस तरह से, चांदी की कीमतों में पिछले 2 दिनों में 1,34,241 रुपये यानी 33.6 प्रतिशत की गिरावट आई है। साप्ताहिक आधार पर, चांदी 23 जनवरी के भाव 3,34,699 रुपये प्रति किलोग्राम से 69,047 रुपये यानी लगभग 21 प्रतिशत गिर गई है। 

2 दिनों में 44,992 रुपये सस्ता हुआ सोना

सोने के वायदा भाव में भी रविवार को भारी उतार-चढ़ाव देखा गया, जिसमें अप्रैल की डिलीवरी वाला गोल्ड 9 प्रतिशत गिरकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया और इसमें लोअर सर्किट भी लग गया। हालांकि बाद में, इसने अपने कुछ नुकसान की भरपाई की और अच्छी रिकवरी करते हुए अंत में 3 प्रतिशत यानी 4241 रुपये की गिरावट के साथ 1,48,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इस तरह से, पिछले 2 दिनों में सोने की कीमतों में 44,992 रुपये की गिरावट आई है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने की कीमतें 31,617 रुपये (17.2 प्रतिशत) गिरकर 1,52,345 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई थी। जबकि गुरुवार को ये 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। 

अभी और गिरेंगी सोने-चांदी की कीमतें

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च के उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा कि अत्यधिक गति से कीमतों का टूटना होता है और हमने सर्राफा कीमतों में होते देखा है। उन्होंने कहा, "घरेलू बाजार में, रविवार को हुई भारी बिकवाली के बीच सोना अपने लाइफटाइम हाई से 20 प्रतिशत नीचे और चांदी अपने उच्चतम स्तर लगभग 37 प्रतिशत नीचे है। मेर ने सोने और चांदी के परिदृश्य के बारे में कहा, "अगले कुछ कारोबारी सत्रों में हम और ज्यादा तकनीकी सुधार यानी गिरावट देख सकते हैं, जिसके बाद कीमतों में कुछ सुधार हो सकती है और वे स्थिर हो सकती हैं।"

Latest Business News