1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. एक झटके में 10,000 रुपये सस्ती हुई चांदी, सोने के भाव में भी भारी-भरकम गिरावट

एक झटके में 10,000 रुपये सस्ती हुई चांदी, सोने के भाव में भी भारी-भरकम गिरावट

सोने और चांदी की कीमतों में ये गिरावट ऐसे समय में आई है, जब वैश्विक बाजारों में कीमती धातुओं के भाव में तेजी देखने को मिली है।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, bullion market- India TV Hindi
Image Source : AFP सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में जहां एक तरफ चांदी की कीमतों में 10,000 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई। तो वहीं दूसरी ओर, सोने का भाव भी 2700 टूट गया। सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि कीमती धातुओं में हाल के दिनों में आई तेजी के बाद स्थानीय बाजार में बिकवाली दबाव के चलते घरेलू सर्राफा कीमतों में तेज गिरावट आई है। ये गिरावट वैश्विक बाजारों में तेजी के बावजूद देखने को मिली है। बताते चलें कि शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार की छुट्टी रहती है।

2,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर आया चांदी का भाव

शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 10,000 रुपये की गिरावट के साथ 2,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। जबकि पिछले कारोबारी सत्र गुरुवार को चांदी का भाव 2,44,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। चांदी के अलावा, सोने के भाव में भी भारी गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 2700 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। जबकि, गुरुवार को सोने का भाव 1,58,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2 प्रतिशत महंगी हुई चांदी

शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 49.82 डॉलर यानी 1.15 प्रतिशत बढ़कर 4,366.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी करीब 2 प्रतिशत की दमदार तेजी के साथ 64.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन ये अभी भी दबाव में है और लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट की राह पर है। 

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों की वजह से मुद्रास्फीति को लेकर चिंता फिर बढ़ी

सौमिल गांधी ने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से मुद्रास्फीति को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। साथ ही अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर ऊंची प्रतिफल दर और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की बढ़ती उम्मीदें भी सोने जैसी परिसंपत्तियों पर दबाव डाल रही हैं। बताते चलें कि शुक्रवार को MCX पर कच्चे तेल की कीमतें 9532 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गईं। 

ये भी पढ़ें

UPI चलाने वाले छोटे दुकानदारों को आसानी से मिलेगा लोन, SBI विकसित कर रहा नया सिस्टम

Latest Business News