1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 2.56 लाख रुपये की हुई चांदी, सोने की कीमतों में आज मामूली गिरावट- चेक करें आज के ताजा दाम

2.56 लाख रुपये की हुई चांदी, सोने की कीमतों में आज मामूली गिरावट- चेक करें आज के ताजा दाम

मंगलवार को चांदी की कीमत 7000 रुपये की बंपर तेजी के साथ 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी और सोमवार को इसका भाव 2,44,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, Venezuela-US tensions- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK मंगलवार को 7000 रुपये महंगी हुई थी चांदी

Silver and Gold Rate: दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज चांदी की कीमतों में लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। बुधवार को दिल्ली में चांदी की कीमतें 5000 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 2,56,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने ये जानकारी दी। सुरक्षित निवेश की मांग और औद्योगिकी खरीदारी से चांदी को लगातार सपोर्ट मिल रहा है। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव ने सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों की मांग को बढ़ाया है, जबकि आपूर्ति बाधाओं और मजबूत औद्योगिक मांग ने चांदी की कीमतों को लगातार समर्थन दे रहे हैं।

मंगलवार को 7000 रुपये महंगी हुई थी चांदी

मंगलवार को चांदी की कीमत 7000 रुपये की बंपर तेजी के साथ 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी और सोमवार को इसका भाव 2,44,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। इसी बीच, सोने की कीमतों में लगातार 4 दिनों से जारी तेजी आज थम गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 100 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,41,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,41,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

भू-राजनीतिक जोखिम की वजह से नहीं आ रही बड़ी गिरावट

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘हाल की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से बुधवार को सोने की कीमतों में थोड़ी गिरावट आई।’’ उन्होंने कहा कि डॉलर में सुधार आने से भी सोने की कीमतों पर असर पड़ा है। हालांकि, लगातार भू-राजनीतिक जोखिम, सुरक्षित निवेश के रूप में कीमती धातुओं की मांग को समर्थन देते हैं। इससे तेज गिरावट होने से रुक रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 45.22 डॉलर यानी 1.01 प्रतिशत टूटकर 4449.87 डॉलर प्रति औंस पर रहा। जबकि, हाजिर चांदी 2.55 डॉलर यानी 3.15 प्रतिशत टूटकर 78.69 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

Latest Business News