A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली से बिहार के लिए इन 6 रूटों पर चलाई जा रही हैं सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, दोगुनी की गईं ट्रिप

दिल्ली से बिहार के लिए इन 6 रूटों पर चलाई जा रही हैं सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, दोगुनी की गईं ट्रिप

रेलवे ने दिल्ली से बिहार के लिए 6 रूटों की पहचान की, जिन पर सबसे ज्यादा सीटों की मांग रहती है। लिहाजा, रेलवे ने इन रूटों पर कई स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया।

indian railways, indian railways special trains, special trains, special trains for bihar, special t- India TV Hindi
Image Source : INDIAN RAILWAYS दिल्ली से पटना रूट पर सबसे ज्यादा ट्रिप लगाएंगी स्पेशल ट्रेनें

दीपावली आते-आते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या इतनी ज्यादा बढ़ जाती है, जितनी पूरे साल कभी नहीं नजर आती है। दरअसल, ये रेलवे का सबसे व्यस्त समय होता है। दीपावली, छठ पूजा और फिर शादियों का सीजन- ये वो समय होता है जब शहरों में रहने वाली एक बड़ी आबादी अपने पूरे परिवार के साथ त्योहारों और शादियों में शामिल होने के लिए निकल पड़ते हैं। यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होने की वजह से रेगुलर ट्रेनों को तो छोड़िए, स्पेशल ट्रेनों में भी सीट की कमी पड़ जाती है। दिल्ली से यूपी के रास्ते बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटों के लिए सबसे ज्यादा मारा-मारी होती है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने उन रूटों की पहचान की, जिन पर सबसे ज्यादा मांग रहती है।

दिल्ली से पटना रूट पर सबसे ज्यादा ट्रिप लगाएंगी स्पेशल ट्रेनें

रेलवे ने दिल्ली से बिहार के लिए 6 रूटों की पहचान की, जिन पर सबसे ज्यादा सीटों की मांग रहती है। लिहाजा, रेलवे ने इन रूटों पर कई स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया। इन रूटों में पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, समस्तीपुर और धनबाद के नाम शामिल हैं। इस साल रेलवे ने पिछले साल की तुलना में त्योहारों के लिए दोगुनी स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। पिछले साल दिल्ली से पटना रूट पर स्पेशल ट्रेनों के जरिए 280 ट्रिप लगाए गए थे, जिसे इस साल बढ़ाकर 596 किया जा रहा है। पिछले साल दिल्ली से पटना के लिए एक स्पेशल वंदे भारत चलाई गई थी, इस बार दो स्पेशल वंदे भारत चलाई जा रही हैं, जो करीब एक महीने की अवधि में 65 ट्रिप लगाएगी।

यूपी और बिहार के इन रूटों पर भी बड़ी संख्या में चलाई जा रही हैं ट्रेनें

इसके अलावा, रेलवे द्वारा चलाई जा रहीं स्पेशल ट्रेनें दिल्ली से समस्तीपुर रूट पर 246, दिल्ली से गया रूट पर 206, दिल्ली से भागलपुर रूट पर 164, दिल्ली से धनबाद रूट पर 144 और दिल्ली से दरभंगा रूट पर 126 ट्रिप लगाएंगी। भारतीय रेल पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, समस्तीपुर और धनबाद के अलावा सहरसा, जयनगर, प्रयागराज, वाराणसी और छपरा के अलावा कुछ अन्य रूटों पर भी बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराई जा सके और यात्रियों के सफर को आरामदायक और सुविधाजनक बनाया जा सके।

Latest Business News