बजट एयरलाइन स्पाइसजेट का वित्त वर्ष 2025-26 की सितंबर तिमाही यानी Q2 में शुद्ध घाटा बढ़कर ₹635.42 करोड़ दर्ज किया है। कंपनी ने कहा कि विदेशी मुद्रा नुकसान, ग्राउंडेड और री-इंडक्टेड विमान से जुड़ी अतिरिक्त लागतें, और एयरस्पेस प्रतिबंधों ने उसके वित्तीय प्रदर्शन पर नकारात्मक असर डाला है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में एयरलाइन ने ₹447.54 करोड़ का शुद्ध घाटा दर्ज किया था। हालांकि, कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में उसका प्रदर्शन सकारात्मक रहेगा।
विदेशी मुद्रा नुकसान हटाने पर भी घाटा बढ़ा
एयरलाइंस ने कहा कि विदेशी मुद्रा नुकसान को छोड़कर भी उसका शुद्ध घाटा ₹447.70 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के ₹424.26 करोड़ से अधिक है। कंपनी ने बयान में कहा कि मौसमी तौर पर कमजोर तिमाही के परिणामों पर डॉलर-आधारित भविष्य की देनदारियों के पुनर्गठन, ग्राउंडेड विमानों की वहन लागत और ‘रिटर्न टू सर्विस (RTS)’ से संबंधित खर्चों का प्रमुख प्रभाव पड़ा। एयरलाइन ने बताया कि ग्राउंडेड बेड़े से संबंधित ₹120 करोड़ और सर्विस में लौटे विमानों पर ₹30 करोड़ का अतिरिक्त खर्च हुआ।
साथ ही एयरस्पेस प्रतिबंधों ने उड़ानों के संचालन पर असर डाला और ऑपरेटिंग कॉस्ट में तेज बढ़ोतरी की, जिससे तिमाही प्रदर्शन पर और दबाव आया। बीएसई को दी गई फाइलिंग में बताया गया कि सितंबर तिमाही में SpiceJet की कुल आय ₹1,078.21 करोड़ से घटकर ₹835.31 करोड़ रह गई।
चेयरमैन अजय सिंह का बयान
SpiceJet के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा कि कंपनी के नतीजों में जो नुकसान दिख रहा है, वह बेड़े के पुनर्जीवन और विस्तार से जुड़ी अस्थायी लागतों के कारण है। ये रणनीतिक निवेश हैं जो मौजूदा तिमाही से परिणाम देना शुरू करेंगे। नए विमानों के शामिल होने और नेटवर्क विस्तार के साथ, SpiceJet अब मजबूत परिचालन और सकारात्मक वित्तीय प्रदर्शन की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि विंटर शेड्यूल के तहत अब कई उच्च-राजस्व मार्ग जोड़े जा रहे हैं।
EBITDAR और परिचालन प्रदर्शन
EBITDAR का अर्थ है – ब्याज, कर, मूल्यह्रास, परिशोधन और किराए से पहले की कमाई। EBITDAR आधार पर स्पाइसजेट ने दूसरी तिमाही में ₹203.80 करोड़ का घाटा दर्ज किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में यह ₹(58.87) करोड़ था। कंपनी की प्रति उपलब्ध सीट किलोमीटर यात्री राजस्व ₹4.04 रही और पैसेंजर लोड फैक्टर 84.3% पर मजबूत बना रहा।
बेड़े में विस्तार की तैयारी
सितंबर तिमाही के दौरान SpiceJet ने अपने अब तक के सबसे बड़े बेड़ा विस्तार कार्यक्रमों में से एक को शुरू किया और 19 विमानों के लिए लीज़ समझौते को अंतिम रूप दिया। कंपनी ने कहा कि वह विंटर शेड्यूल के दौरान अपने बेड़े को दोगुना और उपलब्ध सीट किलोमीटर को तीन गुना करने की दिशा में काम कर रही है। नतीजों के बाद, स्पाइसजेट के शेयर बुधवार को बीएसई पर 4.17% बढ़कर ₹35.48 पर बंद हुए।
Latest Business News