A
Hindi News पैसा बिज़नेस Delhi Airport से फ्लाइट लेना होने वाला है महंगा, जानिए कितने बढ़ेंगे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टिकट्स के दाम

Delhi Airport से फ्लाइट लेना होने वाला है महंगा, जानिए कितने बढ़ेंगे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टिकट्स के दाम

उच्च शुल्क के साथ घरेलू किरायों पर औसतन अधिकतम वृद्धि 1.5 से 2 प्रतिशत होगी और अंतरराष्ट्रीय किरायों में यह वृद्धि एक प्रतिशत से कम रहेगी।

दिल्ली एयरपोर्ट- India TV Paisa Image Source : FILE दिल्ली एयरपोर्ट

दिल्ली एयरपोर्ट पर प्रस्तावित शुल्क वृद्धि से यात्रियों के लिए घरेलू हवाई किराये में 1.5 से 2 फीसदी का इजाफा हो जोएगा। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) का संचालन करने वाली दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) इकनॉमी तथा बिजनेस कैटेगरी के यात्रियों के लिए नया प्रस्ताव लेकर आई है। इसमें व्यस्त तथा अन्य घंटों के लिए अलग-अलग यूजर शुल्क का प्रस्ताव है। इस एयरपोर्ट पर सालाना करीब 10.9 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होती है। डायल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विदेह कुमार जयपुरियार ने बुधवार को कहा कि उच्च शुल्क को स्वीकृति मिलने के बाद प्रति यात्री प्राप्ति (YPP) वर्तमान के 145 रुपये से बढ़कर 370 रुपये हो जाएगी।

YPP में क्या-क्या होता है?

वाईपीपी में विमानन कंपनी और यात्री शुल्क शामिल हैं। प्रस्तावित वृद्धि 2006 के स्तर की तुलना में करीब 140 फीसदी है, जब जीएमआर समूह के नेतृत्व वाले संघ डायल ने हवाई अड्डे का अधिग्रहण किया था। जयपुरियार ने मीडिया में कहा, ‘‘जैसा कि एईआरए ने सुझाव दिया है, 370 रुपये में से करीब 30 प्रतिशत एयरलाइन शुल्क और 70 प्रतिशत यात्री शुल्क के लिए होना चाहिए। अभी यह 68 प्रतिशत एयरलाइन शुल्क और 32 प्रतिशत यात्री शुल्क है।’’

इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराए में भी होगा इजाफा

उन्होंने कहा कि उच्च शुल्क के साथ घरेलू किरायों पर औसतन अधिकतम वृद्धि 1.5 से 2 प्रतिशत होगी और अंतरराष्ट्रीय किरायों में यह वृद्धि एक प्रतिशत से कम रहेगी। हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) को सौंपे गए शुल्क प्रस्ताव के संबंध में परामर्श जारी है। यह प्रस्ताव एक अप्रैल, 2024 से 31 मार्च, 2029 तक की अवधि के लिए है। वर्तमान में उपयोगकर्ता विकास शुल्क (UDF) प्रति यात्री करीब 77 रुपये है।

(भाषा/पीटीआई)

Latest Business News