गोवा जाने वाले सैलानियों की संख्या शानदार इजाफा देखने को मिल रहा है। साल 2025 के दौरान गोवा जाने वाले सैलानियों की संख्या 1 करोड़ के जादूई आंकड़े के पार पहुंच गई। राज्य सरकार ने बताया कि पिछले साल लगभग 1.08 करोड़ पर्यटक गोवा पहुंचे, इनमें विदेशी सैलानियों की संख्या 5 लाख से ज्यादा थी। गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे ने रविवार को कहा कि गोवा सरकार का ध्यान गुणवत्तापूर्ण पर्यटन को बढ़ावा देने, बाजारों में विविधता लाने और तटीय राज्य के 'पुनर्योजी पर्यटन' को आगे बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय समुदायों, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक रूप से मिले।
2025 में 189 चार्टर प्लेन से आए 40,336 विदेशी टूरिस्ट
गोवा पर्यटन विभाग ने रविवार को बताया कि साल 2025 में गोवा में 1,02,84,608 घरेलू पर्यटक और 5,17,802 विदेशी पर्यटक आए, जिससे कुल पर्यटकों की संख्या 1,08,02,410 हो गई। विभाग ने कहा कि चार्टर प्लेन के जरिए गोवा आने वाले विदेशी पर्यटकों ने राज्य के पर्यटन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गोवा पर्यटन विभाग द्वारा दिए गए एक बयान में कहा गया है, "2024 में, चार्टर फ्लाइट्स की संख्या 266 थी और इनमें 58,680 टूरिस्ट आए थे। 2025 में गोवा में 189 चार्टर फ्लाइट्स आईं, जिनसे 40,336 विदेशी टूरिस्ट आए और इनका ऑपरेशन डाबोलिम और मोपा एयरपोर्ट के बीच बंटा हुआ था।"
कोविड के बाद 2022 से लगातार हो रही है रिकवरी
आंकड़ों के मुताबिक अपने खूबसूरत समुद्र तटों के लिए मशहूर गोवा में पर्यटकों की संख्या पिछले कुछ सालों में लगातार बढ़ी है। राज्य में 2017 में 68,95,234 घरेलू पर्यटक और 8,90,459 विदेशी पर्यटक आए थे। रोहन खौंटे ने बताया, "2017 में, डाबोलिम एयरपोर्ट से 2460 इंटरनेशनल फ्लाइट्स ऑपरेट हुईं, जिनमें 3,35,573 विदेशी टूरिस्ट आए। 2021 तक ये संख्या धीरे-धीरे कम होती गई, जब कोरोना की वजह से पाबंदियों के कारण सिर्फ 265 फ्लाइट्स और 11,971 टूरिस्ट रिकॉर्ड किए गए।" 2022 में इसमें लगातार रिकवरी शुरू हुई, जिसमें 1135 फ्लाइट्स और 1,34,922 टूरिस्ट आए। मंत्री ने कहा कि 2024 में ये आंकड़े बढ़कर 1546 फ्लाइट्स और 1,95,990 टूरिस्ट हो गए हैं।
Latest Business News