1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शेयर बाजार में लिस्ट होंगी महाराष्ट्र की ये सरकारी कंपनियां, देवेंद्र फडणवीस बोले- लिस्टिंग के लिए ये सही समय

शेयर बाजार में लिस्ट होंगी महाराष्ट्र की ये सरकारी कंपनियां, देवेंद्र फडणवीस बोले- लिस्टिंग के लिए ये सही समय

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक कार्यक्रम में कहा कि सरकारी कंपनियों और निगमों को लिस्ट करने का ये सही समय है।

maharashtra, maharashtra government, maharashtra government companies, maharashtra government power - India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/DEV_FADNAVIS महाराष्ट्र सरकार के स्वामित्व वाली कई कंपनियां अभी शेयर बाजार से बाहर

महाराष्ट्र की सरकारी बिजली कंपनियां जल्द ही भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होंगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को ये बात कही। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार के बिजली उपक्रमों को साल 2026 से चरणबद्ध तरीके से शेयर बाजार में लिस्ट किया जाएगा। इस प्रक्रिया में सबसे पहले महाराष्ट्र सरकार की पावर ट्रांसमिशन कंपनी को बाजार में लिस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों को ज्यादा कुशल और एक्टिव बनाने के लिए शेयर बाजार में लिस्ट करना जरूरी है। 

2026 में सबसे पहले महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी के लिस्ट होने की उम्मीद

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक कार्यक्रम में कहा, ''सरकारी कंपनियों और निगमों को लिस्ट करने का ये सही समय है। हमने फैसला किया है कि सबसे पहले पावर ट्रांसमिशन कंपनी को घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट किया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि सरकार को 2026 में महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी (MSETCL) के लिस्ट होने की उम्मीद है। महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी को महाट्रांसको के नाम से भी जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसमिशन कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट करने के बाद दूसरे चरण में पावर जनरेशन कंपनी और उसके बाद पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियों को बाजार में लिस्ट किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई समय-सीमा नहीं बताई।

महाराष्ट्र सरकार के स्वामित्व वाली कई कंपनियां अभी शेयर बाजार से बाहर

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “ये देश की सबसे बड़ी कंपनियां हैं और हमारी पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी भारत में सबसे बड़ी है।” उन्होंने प्रस्तावित मार्केट डेब्यू के स्केल और स्ट्रेटेजिक महत्व पर भी जोर दिया। अभी, महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (MSPGCL) और महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड, राज्य सरकार के स्वामित्व वाली अनलिस्टेड कंपनियां हैं। मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी ने इस साल जून में IPO से जुड़ी गतिविधियों के लिए कंसल्टेंट के अपॉइंटमेंट के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) मंगाए थे।

Latest Business News