1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. UAE में ठगों ने ढूंढा आपदा में अवसर! सिम स्वैप से लोगों के बैंक अकाउंट से उड़ा रहे पैसे! दुबई पुलिस का अलर्ट

UAE में ठगों ने ढूंढा आपदा में अवसर! सिम स्वैप से लोगों के बैंक अकाउंट से उड़ा रहे पैसे! दुबई पुलिस का अलर्ट

दुबई पुलिस ने लोगों से ऐसी धोखाधड़ी होने पर तुरंत संपर्क करने को कहा है। साथ ही कहा है कि अपनी किसी भी तरह की निजी वित्तीय जानकारी किसी से शेयर न करें।

दुबई में ईरान की तरफ से हुए हमलों के बीच ठग सक्रिय हो गए हैं।- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK/PTI दुबई में ईरान की तरफ से हुए हमलों के बीच ठग सक्रिय हो गए हैं।

UAE में ईरान की तरफ से हुए हमलों का फायदा उठाते हुए ठग सक्रिय हो गए हैं और लोगों की डिजिटल पहचान से जुड़ी संवेदनशील जानकारी चुराने वाले बैंक खाते से पैसे उड़ा रहे हैं। दुबई पुलिस ने नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि जालसाज खुद को “दुबई क्राइसिस मैनेजमेंट” से जोड़कर या पुलिस से जुड़े होने का दावा कर UAE पास और अमीरात आईडी की जानकारी मांग रहे हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि ऐसी जानकारी साझा करना सिम कार्ड और बैंकिंग फ्रॉड का रास्ता खोल सकता है, इसलिए नागरिक सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की तुरंत शिकायत करें।

दुबई पुलिस ने लोगों को चेताया

दुबई पुलिस ने हालिया परिस्थितियों के मद्देनज़र चेतावनी दी है कि कुछ ठग “दुबई क्राइसिस मैनेजमेंट” नामक इकाई से जुड़े कर्मचारी बनकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ये जालसाज खुद को दुबई पुलिस से संबद्ध बताकर डिजिटल पहचान संबंधी डेटा, जैसे यूएई पास (UAE Pass) और अमीरात आईडी कार्ड की जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। दुबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की जानकारी साझा करने से ठग सिम स्वैप जैसी धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं और बैंकिंग एप्लिकेशन के माध्यम से बैंक खातों पर नियंत्रण प्राप्त कर सकते हैं।

901 नंबर पर कर सकते हैं कॉल

दुबई पुलिस ने यह भी दोहराया है कि वह फोन कॉल या संदेशों के जरिए किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी या वेरिफिकेशन कोड नहीं मांगती है। आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात या अप्रमाणित व्यक्ति अथवा संस्था के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही, किसी भी धोखाधड़ी के प्रयास की तुरंत आधिकारिक माध्यमों से शिकायत करने का आग्रह किया गया है। इसके लिए 901 पर कॉल किया जा सकता है या ई-क्राइम (eCrime) प्लेटफॉर्म के जरिए इलेक्ट्रॉनिक अपराध की रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है।

TDRA ने किया सावधान

यूएई के दूरसंचार और डिजिटल सरकारी नियामक प्राधिकरण यानी TDRA ने कहा है कि आधिकारिक संस्थाएं कभी भी आपसे आपके अकाउंट में लॉग-इन करने या गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए नहीं कहती हैं। किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी या UAE Pass द्वारा मांगा गया वेरिफिकेशन कोड साझा न करें।



सतर्क रहें, क्योंकि कुछ ठग पीड़ितों को सिम रिप्लेसमेंट सेवा लेने, नई सिम जारी कराने या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन (फेशियल वेरिफिकेशन) के जरिए पहचान सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं कराने के लिए भी बहला-फुसलाकर राजी करने की कोशिश कर सकते हैं। सावधान रहें… और हमेशा अपने UAE Pass की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Latest Business News