1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बंगाल में बेरोजगारों को हर महीने मिलेगी ₹3000 तक की मदद, रिटायर्ड पत्रकारों के लिए ₹5000 की पेंशन की घोषणा

बंगाल में बेरोजगारों को हर महीने मिलेगी ₹3000 तक की मदद, रिटायर्ड पत्रकारों के लिए ₹5000 की पेंशन की घोषणा

वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने राज्य सरकार का पहला बजट पेश करते हुए सोमवार को कहा कि 'भरोसा' योजना के तहत बेरोजगार लोगों हर महीने 3,000 रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी।

west bengal, west bengal budget 2026, Unemployment Allowance, pension, mid-day meal- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK बेरोजगारों को हर महीने मिलेगी ₹3000 तक की मदद

पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने सोमवार को राज्य का बजट पेश किया। पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के बाद अपना पहला बजट पेश कर रही शुभेंदु अधिकारी सरकार ने राज्य के बेरोजगारों की मदद के लिए 'भरोसा' योजना की घोषणा की है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने राज्य सरकार का पहला बजट पेश करते हुए सोमवार को कहा कि 'भरोसा' योजना के तहत बेरोजगार लोगों हर महीने 3,000 रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी। 

भरोसा योजना की शर्तें

वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि 1 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों के बेरोजगार स्नातकों को हर महीने 3000 रुपये दिए जाएंगे। जबकि, अन्य पात्र बेरोजगार लोगों को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ सिर्फ उन बेरोजगारों को दिया जाएगा, जो किसी अन्य सामाजिक कल्याण योजना के अंतर्गत शामिल न हों। 

रिटायर्ड पत्रकारों को मिलेगी 5,000 रुपये की मासिक पेंशन

उन्होंने बताया कि सरकार ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन में भी 500 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी की है। स्वास्थ्य क्षेत्र में, सरकार ने आयुष्मान भारत के क्रियान्वयन के लिए 3,100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जिससे राज्य के लगभग 7 करोड़ लोगों को कवर किए जाने की उम्मीद है। इनके अलावा, रिटायर्ड पत्रकारों को 5,000 रुपये की मासिक पेंशन दी जाएगी, जबकि राजनीतिक कारणों से जेल में रहे लोगों को 10,000 रुपये प्रति माह पेंशन प्रदान की जाएगी। 

मिड-डे मील के लिए भी बड़ी घोषणा

इन सभी के अलावा, वित्त मंत्री ने राज्य के सरकारी स्कूलों के लिए मिड-डे मील योजना के लिए प्रति छात्र आवंटन बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है, जिसमें इस्कॉन के सहयोग से भोजन की तैयारी और वितरण किया जाएगा। शिक्षा क्षेत्र बजट में प्रमुखता से शामिल रहा। इसमें झारग्राम में एक जनजातीय विश्वविद्यालय और दो केंद्रीय विद्यालय के साथ ही कांथी, कालियाचक और फलता में महिला विश्वविद्यालय शामिल हैं। वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज के छात्रों के लिए 25,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान देने का प्रस्ताव शामिल है। 

बंगाल में बनाए जाएंगे नए एयरपोर्ट

कोलकाता हवाई अड्डे पर दबाव कम करने के लिए सरकार कल्याणी में 1,000 एकड़ भूमि की पहचान कर नया हवाई अड्डा स्थापित करेगी। पुरुलिया और मालदा में भी हवाई अड्डों का प्रस्ताव है, जबकि हासीमारा और कलाईकुंडा हवाई पट्टियों के विस्तार के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी। बजट में सुंदरबन क्षेत्र में संचार अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 100 करोड़ रुपये और जंगीपुर क्षेत्र में नदी तट संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। 

ये भी पढ़ें- 

West Bengal Budget 2026: DA में बंपर बढ़ोतरी, महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा और 1 लाख नौकरियां; बंगाल सरकार ने किए कई बड़े ऐलान

Latest Business News