अमेरिका ने कनाडा से आने वाले डेयरी प्रोडक्ट्स, ज्यादातर शराब और मोटरसाइकिलों पर बैन लगाने की घोषणा की है। वाइट हाउस ने मंगलवार को बताया कि ये बैन 3 हफ्तों में लागू होगा। इससे पहले, मंगलवार को कनाडा ने अमेरिका से इंपोर्ट होने वाले 20 अरब डॉलर के सामान पर जवाबी टैरिफ लगा दिया था। इन कदमों से दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर और तेज हो गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी जनरल सर्विसेस एडमिनिस्ट्रेशन को दिए निर्देश
कनाडा के जवाबी टैरिफ लागू होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के सामानों को अमेरिका की बड़ी और लॉन्ग टर्म सरकारी खरीद से बाहर करने की दिशा में मंगलवार को कदम उठाया। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी जनरल सर्विसेस एडमिनिस्ट्रेशन को निर्देश दिया कि वो कनाडा के प्रोडक्ट्स को इन सरकारी कॉन्ट्रैक्ट के लिए तब तक अयोग्य घोषित करे जब तक कनाडा, अमेरिकी प्रोडक्ट्स के लिए ''पूर्ण एवं उचित पारस्परिकता'' की अनुमति नहीं देता।
आत्मनिर्भर बनने की रणनीति पर काम करेगा कनाडा
वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका पर देश की निर्भरता कम करने की कोशिशों में तेजी लाने का संकल्प जताया। मार्क कार्नी ने इससे पहले, मंगलवार को कहा था कि कनाडा की रणनीति ज्यादा आत्मनिर्भर बनने की है। उन्होंने कहा, ''ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी देश हमें बंधक न बना सके और हम अपनी जिंदगी अपनी इच्छा के मुताबिक जी सकें।''
यूरोपियन यूनियन के साथ संबंधों की संभावनाएं तलाशेगा कनाडा
कनाडा के एक अधिकारी ने बताया कि कनाडा यूरोपियन यूनियन के साथ ऐसे संबंधों की संभावनाएं तलाश रहा है, जो सदस्यता से थोड़ा कम स्तर के हो सकते हैं। इन विकल्पों में मौजूदा समझौतों का विस्तार, नई संधि पर बातचीत या सहयोग के अन्य रूप विकसित करना शामिल हो सकता है।
अगले हफ्ते फ्रांस जाएंगे मार्क कार्नी
अधिकारी ने कहा कि कनाडा पहले से ही प्रांतों, क्षेत्रों और श्रमिक संगठनों से इस बारे में विचार-विमर्श कर रहा है कि यूरोपियन यूनियन के साथ गहरे संबंध किस रूप में हो सकते हैं, लेकिन अभी किसी मॉडल का चयन नहीं किया गया है। कार्नी अगले हफ्ते फ्रांस के स्ट्रासबर्ग जाएंगे। वहां वो 16 सितंबर को यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के यूरोपियन यूनियन की स्थिति पर संबोधन में शामिल होंगे और अगले दिन यूरोपीय संसद को संबोधित करेंगे।
दुनिया के सबसे करीबी देशों के संबंधों में खटास
इस विवाद ने दुनिया के सबसे करीबी संबंधों में से एक को झकझोर दिया है। दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं गहराई से एक-दूसरे से जुड़ी हैं और रक्षा तथा सुरक्षा के क्षेत्र में भी उनके करीबी संबंध हैं। इसके बावजूद ट्रंप ने कनाडा के सामान पर कई टैरिफ लगाए हैं, जबकि अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने उत्तर अमेरिकी व्यापार समझौते को लेकर बातचीत की थी और बार-बार उसकी सराहना की थी। इनमें से कई टैरिफ उस समझौते का भी उल्लंघन करते हैं।
PTI Inputs
ये भी पढ़ें
100 डॉलर के करीब पहुंची कच्चे तेल की कीमतें, 3 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचा भाव
Latest Business News