अमेरिका ने भारत पर लगाए जाने वाले आयात शुल्क (पारस्परिक टैरिफ) को 27 प्रतिशत से घटाकर फिर से 26 प्रतिशत कर दिया है। व्हाइट हाउस के एक डॉक्यूमेंट के आधार पर शुक्रवार को यह बात सामने आई। पीटीआई की खबर के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से लगाया गया यह पारस्परिक टैरिफ 9 अप्रैल से लागू होंगे। गुरुवार को इस मामले में कुछ कन्फ्यूजन हो गया था। पहले 26 प्रतिशत की खबर आई थी फिर 27 प्रतिशत करने की खबर आई। लेकिन अब फिर से व्हाइट हाउस ने इसे 26 प्रतिशत कर दिया है।
चार्ट में भी 26 प्रतिशत ही था
खबर के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने 2 अप्रैल (अमेरिकी समयानुसार) को अलग-अलग देशों के विरुद्ध पारस्परिक शुल्क की घोषणा करते हुए एक चार्ट दिखाया, जिसमें दिखाया गया कि भारत, चीन, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ जैसे देशों को अब कितना शुल्क देना होगा। चार्ट से पता चलता है कि भारत ने मुद्रा हेरफेर और व्यापार बाधाओं सहित 52 प्रतिशत शुल्क लगाया है और अमेरिका अब भारत पर 26 प्रतिशत का रियायती पारस्परिक शुल्क लगाएगा। इससे पहले, व्हाइट हाउस के दस्तावेजों में भारत पर 27 प्रतिशत शुल्क दिखाया गया था। हालांकि, नवीनतम अपडेट के अनुसार, इसे घटाकर 26 प्रतिशत कर दिया गया है। पूछे जाने पर, उद्योग विशेषज्ञों ने कहा कि एक प्रतिशत का बहुत अधिक प्रभाव नहीं होगा।
कपड़ा निर्यात के मामले में अनुकूल स्थिति
जानकारों का कहना है कि अमेरिकी के नए टैरिफ ने भारत को कपड़ा निर्यात के मामले में अनुकूल स्थिति में ला दिया है, क्योंकि भारत को चीन, वियतनाम और बांग्लादेश जैसे दूसरे परिधान निर्यातक देशों की तुलना में सापेक्ष लागत का लाभ होगा। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का लक्ष्य अमेरिका के व्यापार घाटे को कम करना और विनिर्माण को बढ़ावा देना है। भारत द्वारा अमेरिकी वस्तुओं पर अधिक आयात शुल्क लगाये जाने की बात कहते हुए अमेरिका ने भारत पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है।
Latest Business News