1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. वंदे भारत स्लीपर का जलवा! बुकिंग खुलते ही कुछ ही घंटों में बिक गईं सारी टिकट

वंदे भारत स्लीपर का जलवा! बुकिंग खुलते ही कुछ ही घंटों में बिक गईं सारी टिकट

16 डिब्बों वाली इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 सीटें हैं। इसमें फर्स्ट एसी का 1, सेकेंड एसी के 4 और थर्ड एसी के 11 डिब्बे हैं।

Howrah-Guwahati Vande Bharat Sleeper, Howrah-Guwahati Vande Bharat Sleeper route, Howrah-Guwahati Va- India TV Hindi
Image Source : NORTHERN RAILWAY कुछ ही घंटों में बुक हो गईं सभी क्लास की सारी 823 सीटें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 17 जनवरी को हावड़ा और कामाख्या के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। कामाख्या से हावड़ा के लिए इस ट्रेन की पहली कमर्शियल जर्नी 22 जनवरी से और हावड़ा से कामाख्या के लिए 23 जनवरी से शुरू हो रही है। हावड़ा और कामाख्या के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर यात्रियों के बीच कैसा उत्साह है, इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि पहली कमर्शियल जर्नी के लिए बुकिंग खुलते ही कुछ ही घंटों में इसकी सभी सीटें बुक हो गईं। जी हां, देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए 19 जनवरी को सुबह 8.00 बजे से बुकिंग विंडो खुली थी और कुछ ही घंटों में इसकी सभी सीटों के लिए टिकट बिक गईं।

कुछ ही घंटों में बुक हो गईं सभी क्लास की सारी 823 सीटें

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अपनी पहली कमर्शियल यात्रा से पहले ही यात्रियों के बीच सुपरहिट हो गई है। रेल मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, हावड़ा और कामाख्या के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए पीआरएस और अन्य ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ये सभी सीटें बुक की गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि बुकिंग विंडो खुलने के बाद 24 घंटों के अंदर ही सभी क्लास की सभी सीटें बुक हो गईं। बताते चलें कि 16 डिब्बों वाली इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 सीटें हैं। इसमें फर्स्ट एसी का 1, सेकेंड एसी के 4 और थर्ड एसी के 11 डिब्बे हैं। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के फर्स्ट एसी में 24, सेकेंड एसी में 188 और थर्ड एसी में 611 स्लीपर बर्थ समेत कुल 823 सीटें हैं।

14 घंटे में पूरी करेगी 968 किमी की दूरी

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के हावड़ा जंक्शन और असम के गुवाहाटी में स्थित कामाख्या जंक्शन के बीच चलने वाली ये ट्रेन 14 घंटे में 968 किमी की दूरी तय करेगी। ट्रेन नंबर- 27575, हावड़ा-कामाख्या (गुवाहाटी) वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुरुवार को छोड़कर रोजाना शाम 06.20 बजे हावड़ा जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 08.20 बजे कामाख्या पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 27576, कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बुधवार को छोड़कर रोजाना शाम 06.15 बजे कामाख्या जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 08.15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान बंडेल, नबद्वीप धाम, कटवा, अजीमगंज, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगईगांव और रंगिया रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

Latest Business News