A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली से सीधे यमुना एक्सप्रेसवे के लिए रफ्तार भरेंगी गाड़ियां, नोएडा में नया एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी

दिल्ली से सीधे यमुना एक्सप्रेसवे के लिए रफ्तार भरेंगी गाड़ियां, नोएडा में नया एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए काफी जाम मिलता है। इस जाम को खत्म करने के लिए नोएडा अथॉरिटी ने महामाया फ्लाईओवर के पास खत्म होने वाले चिल्ला एलिवेटेड रोड को सेक्टर-94 के गोलचक्कर तक जोड़ने के लिए नया एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान बनाया है।

elevated road, greater noida, noida greater noida expressway, mayur vihar, delhi to yamuna expresswa- India TV Hindi
Image Source : PTI यमुना एक्सप्रेसवे से कैसे कनेक्ट होगी दिल्ली

राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही, दिल्ली और नोएडा से बिना जाम में फंसे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। जी हां, नोएडा में एक और एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ये नया एलिवेटेड रोड 2 किलोमीटर लंबा होगा, जो चिल्ला एलिवेटेड रोड से उतरने वाले रैंप के आगे से शुरू होगा और सेक्टर-94 के गोलचक्कर पर खत्म होगा। बताते चलें कि नोएडा में फिल्टी सिटी रोड का जाम खत्म करने के लिए 5.96 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है, जो मयूर विहार फ्लाईओवर को जोड़ेगा और महामाया फ्लाईओवर के पास खत्म होगा।

यमुना एक्सप्रेसवे से कैसे कनेक्ट होगी दिल्ली

मौजूदा समय में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए काफी जाम मिलता है। लाइव हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस जाम को खत्म करने के लिए ही नोएडा अथॉरिटी ने महामाया फ्लाईओवर के पास खत्म होने वाले चिल्ला एलिवेटेड रोड को सेक्टर-94 के गोलचक्कर तक जोड़ने के लिए नया एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक पहले ही 6 लेन वाला 31 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे बनाने का प्रस्ताव है। इस तरह से दिल्ली और नोएडा के लोग बिना जाम में फंसे आसानी से यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच जाएंगे। इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना भी काफी आसान हो जाएगा।

भारी जाम की वजह से रेंगती हैं गाड़ियां

बताते चलें कि अभी मयूर विहार के रास्ते नोएडा में प्रवेश करने वाले रोड पर काफी जाम रहता है। ये रोड ही नोएडा फिल्म सिटी और महामाया फ्लाईओवर के रास्ते नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तक ले जाती है। इस रोड पर जाम लगे रहने की वजह से दिल्ली से लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तक गाड़ियां रेंग-रेंगकर चलती हैं। लेकिन, इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर दिल्ली से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे तक जाना काफी आसान हो जाएगा।

Latest Business News