केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को भारत की पहली बुलेट ट्रेन की झलक साझा की। रेल मंत्री ने अपने 'X' अकाउंट पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा है, "क्या आप तैयार हैं? भारत की पहली बुलेट ट्रेन का निर्माण।" वैष्णव के अनुसार, अगले साल मई या जून तक बुलेट ट्रेन टेस्टिंग के लिए पटरियों पर आ जाएगी। एक बार बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद, लोग वडोदरा से मुंबई तक का सफर सिर्फ 90 मिनट में तय कर सकेंगे। बेंगलुरू में 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में वैष्णव ने कहा कि 2 से 4 महीने की टेस्टिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली बुलेट ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
सिर्फ डेढ़ घंटे में पूरा होगा वडोदरा से मुंबई तक का सफर
अश्विनी वैष्णव ने कहा, "भारत में बन रही बुलेट ट्रेन, जो प्रधानमंत्री मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन से प्रेरित है, उसका पहला बॉडी फ्रेम परसों ही बनकर तैयार हुआ है और इसे 'स्क्वीज टेस्ट' (दबाव परीक्षण) के लिए भेजा गया है। अगले साल मई या जून तक, भारत की अपनी बुलेट ट्रेन टेस्टिंग के लिए पटरियों पर होगी। 2-4 महीने की टेस्टिंग के बाद, प्रधानमंत्री खुद इस बुलेट ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। जब आप वडोदरा से बुलेट ट्रेन में सफर करेंगे, तो आप सिर्फ डेढ़ घंटे में मुंबई पहुंच जाएंगे।"
सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन के पहले सेक्शन को अगले साल शुरू करना लक्ष्य
इससे पहले, रेल मंत्री ने बताया था कि सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन अगले साल शुरू करने का लक्ष्य है, जबकि पूरे रूट पर काम उम्मीद से कहीं ज्यादा तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (MAHSR) कॉरिडोर भारत के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है, जो देश में हाई-स्पीड रेल यात्रा के एक नए युग की शुरुआत करेगा।
पीएम मोदी ने नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को दी मंजूरी
बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर' को मंजूरी दे दी है। इससे उत्तर प्रदेश को अपनी पहली हाई-स्पीड रेल सेवा मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा, जिससे दिल्ली और वाराणसी के बीच यात्रा का समय घटकर सिर्फ 3.5 घंटे रह सकता है। इस प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी से इस रूट पर यात्रा के समय में काफी कमी आने की उम्मीद है, जहां अभी पारंपरिक ट्रेनों से सफर करने में कई घंटे लग जाते हैं।
ये भी पढ़ें
GST कलेक्शन में 23% की जोरदार उछाल, अक्टूबर में सरकार के खाते में आए 2.31 लाख करोड़ रुपये
Latest Business News