1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. यूक्रेन-1, भारत-2 और कतर-3... हथियारों के मामले में यह लिस्ट देख चौंक जाएंगे आप

यूक्रेन-1, भारत-2 और कतर-3... हथियारों के मामले में यह लिस्ट देख चौंक जाएंगे आप

भारत की सैन्य शक्ति की बात करें तो हमारे देश ने पाकिस्तान और चीन से आने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए इसे काफी मजबूत बनाया हुआ है।

हथियार- India TV Hindi
Image Source : FILE हथियार

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जबरदस्त तरीके से बढ़ गया है। ड्रोन और छोटी मिसाइलों से हमले के बाद अब पाकिस्तान ने भारत पर फतेह-2 मिसाइल से हमला किया है। इस मिसाइल को भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने हरियाणा के सिरसा में हवा में ही मार गिराया है। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 4 एयरबेस पर हमला किया है। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। अब दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात हैं।

भारत हथियारों का दूसरा बड़ा खरीदार

भारत की सैन्य शक्ति की बात करें तो हमारे देश ने पाकिस्तान और चीन से आने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए इसे काफी मजबूत बनाया हुआ है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की हाल की रिपोर्ट में दुनिया में हथियारों के सबसे बड़े खरीदार देशों की लिस्ट जारी की गई है। इसके अनुसार, भारत साल 2020 से 2024 के बीच हथियारों का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार देश रहा है। अब आप इस लिस्ट के टॉप देश का नाम जानकर चौंक जाएंगे।

लिस्ट में टॉप पर है यह देश

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार, इस लिस्ट में यूक्रेन पहले नंबर पर हैं। यूक्रेन ने साल 2020 से साल 2024 के बीच सबसे ज्यादा हथियार (8.8%) खरीदे हैं। इसके बाद लिस्ट में तीसरे नंबर पर कतर (6.8%) है। इसके बाद सऊदी अरब (6.8%) और पाकिस्तान (4.6%) आते हैं। यूक्रेन में हथियारों का आयात रूस के साथ युद्ध के चलते बढ़ा है।

भारत इन देशों से खरीदता है हथियार

भारत लंबे समय से रूस से बड़ी मात्रा में हथियार खरीदता आया है। लेकिन हाल के वर्षों में रूस से हथियारों की खरीद में कमी आई है। जबकि फ्रांस, अमेरिका और इजराइल से हथियारों की खरीद बढ़ी है। भारत फ्रांसीसी हथियारों का सबसे बड़ा खरीदार है। भारत ने फ्रांस के कुल निर्यात का 28 फीसदी हिस्सा खरीदा है। राफेल लड़ाकू विमान फ्रांस के सबसे अधिक निर्यात किये जाने वाले हथियारों में से एक है। दूसरी तरफ भारत हथियारों के मामले में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी तेजी से काम कर रहा है। आज के समय में भारत में ही बड़ी मात्रा में हथियारों का निर्माण होता है।

Latest Business News