1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. महिलाओं को हर महीने मिलेगी पीरियड्स की छुट्टी, इस दिग्गज कंपनी ने किया बड़ा ऐलान

महिलाओं को हर महीने मिलेगी पीरियड्स की छुट्टी, इस दिग्गज कंपनी ने किया बड़ा ऐलान

कंपनी के चेयरमैन ने कहा कि इस घोषणा को लागू किए जाने के तौर-तरीके का सटीक विवरण जल्द ही संबंधित अधिकारियों द्वारा तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये घोषणा सिर्फ मूल कंपनी एलएंडटी की महिला कर्मचारियों पर ही लागू होगी और फाइनेंशियल सर्विस या टेक्नोलॉजी में लगी इसकी सब्सिडरी कंपनियों पर ये लागू नहीं होगी।

menstrual cycle, periods, larsen and toubro, l&t, paid leave, women employees- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK एलएंडटी के 60,000 कर्मचारियों में 9 प्रतिशत महिलाएं

देश की दिग्गज इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने गुरुवार को अपनी महिला कर्मचारियों के लिए एक बड़ी घोषणा की। कंपनी ने कहा कि महिला कर्मचारियों को मासिक धर्म (पीरियड्स) के दौरान एक दिन का वैतनिक अवकाश (Paid Leave) दिया जाएगा। कंपनी के इस कदम से करीब 5000 महिला कर्मचारियों को राहत मिलेगी। एलएंडटी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एस. एन. सुब्रमण्यन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कंपनी के एक कार्यक्रम में इसका ऐलान किया।

एलएंडटी के 60,000 कर्मचारियों में 9 प्रतिशत महिलाएं

कंपनी के सूत्रों ने बताया कि सुब्रमण्यन ने कहा कि इस घोषणा को लागू किए जाने के तौर-तरीके का सटीक विवरण जल्द ही संबंधित अधिकारियों द्वारा तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये घोषणा सिर्फ मूल कंपनी एलएंडटी की महिला कर्मचारियों पर ही लागू होगी और फाइनेंशियल सर्विस या टेक्नोलॉजी में लगी इसकी सब्सिडरी कंपनियों पर ये लागू नहीं होगी। एलएंडटी के 60,000 कर्मचारियों में करीब 9 प्रतिशत यानी लगभग 5000 महिलाएं हैं। बताते चलें कि अभी हाल ही में सुब्रमण्यन ने कर्मचारियों से हफ्ते में 90 घंटे काम करने और अपनी पत्नी को निहारने को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें काफी आलोचनाओं को सामना करना पड़ा था। एलएंडटी ने बाद में एक इंटरनल वर्चुअल मीटिंग के दौरान इन टिप्पणियों का बचाव करते हुए कहा कि ये राष्ट्र निर्माण की पहल के अनुरूप है।

स्विगी और जोमैटो पहले ही कर चुकी हैं घोषणाएं

लार्सन एंड टुब्रो से पहले स्विगी और जोमैटो जैसी कुछ कंपनियों ने भी महिलाओं को पीरियड्स के दौरान छुट्टी देने की घोषणाएं की हैं। हालांकि, इनके अलावा देश के प्रमुख कारोबारी घरानों में से किसी ने अभी तक इस तरह की पहल नहीं की है। बताते चलें कि देश के चार राज्यों- बिहार, ओडिशा, सिक्किम और केरल ने अपने कर्मचारियों के लिए पीरियड्स की छुट्टी का प्रावधान किया है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल सरकार को इस मुद्दे पर पॉलिसी बनाने का सुझाव दिया था।

Latest Business News