Acko IPO: शेयर बाजार निवेशकों के लिए एक बड़ी खबर आ रही है। डिजिटल इंश्योरेंस कंपनी Acko ने शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही कंपनी का आईपीओ आ सकता है। मामले से परिचित सूत्रों के अनुसार एको ने आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, मॉर्गन स्टैनली और कोटक सिक्योरिटीज को 'बुक-रनिंग लीड मैनेजर' के रूप में नियुक्त किया है। सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरू स्थित ये कंपनी ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए लगभग 2 से 2.5 अरब डॉलर (लगभग 16,000 से 20,000 करोड़ रुपये) की वैल्यूएशन का लक्ष्य रखा है।
सेबी के पास जल्द ही ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल कर सकती है कंपनी
सूत्रों का कहना है कि इंश्योरेंस कंपनी आने वाले महीनों में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करेगी। इस आईपीओ में नए शेयरों के साथ-साथ मौजूदा निवेशकों द्वारा बिक्री पेशकश (ओएफएस) का भी हिस्सा शामिल होने की संभावना है। वरुण दुआ द्वारा स्थापित एको (एसीकेओ) को 2017 के आखिर में अपना लाइसेंस मिला था और इसने 2018 में परिचालन शुरू किया था। कंपनी ने जनरल अटलांटिक, मल्टीपल्स पीई, एक्सेल, एलिवेशन कैपिटल और कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड सहित निवेशकों से 58.3 करोड़ डॉलर से ज्यादा का फंड जुटाया है।
बिजनेस के लिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहता एको
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जैसी पुरानी और बड़ी बीमा कंपनियां और डिजिट इंश्योरेंस जैसे नए खिलाड़ी काफी हद तक एजेंटों और बिचौलियों पर निर्भर हैं। इसके विपरीत एको सीधे उपभोक्ताओं को बीमा उत्पाद बेचने के मॉडल पर काम करती है। इससे पारंपरिक वितरण तंत्र (एजेंट आदि) की जरूरत खत्म हो जाती है। बताते चलें कि निवेशक बेसब्री से एको के आईपीओ का इंतजार कर रहे हैं। एको का बिजनेस मॉडल, बाकी इंश्योरेंस कंपनियों के बिजनेस मॉडल से काफी अलग है। यही वजह है कि निवेशक एको के आईपीओ को लेकर काफी उत्साहित हैं।
Latest Business News