CMPDI IPO: कोल इंडिया की सब्सिडरी कंपनी CMPDI (सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट) का आईपीओ शुक्रवार, 20 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और मंगलवार, 24 मार्च को बंद होगा। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट अपने इस आईपीओ से 1,842 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है, जिसके लिए कुल 10,71,00,000 शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी ने अपने इस आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 163-172 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है। कंपनी के कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर 8 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। रिटेल निवेशकों को एक लॉट में 80 शेयर दिए जाएंगे और इसके लिए उन्हें कम से कम 13,760 रुपये का निवेश करना होगा।
30 मार्च को शेयर बाजार में लिस्ट होगी सरकारी कंपनी
CMPDI का आईपीओ पूरी तरह से ओएफएस बेस्ड होगा, जिसमें कंपनी की प्रोमोटर यानी कोल इंडिया लिमिटेड अपनी हिस्सेदारी बेचेगी। इस आईपीओ में फ्रेश शेयर का कोई हिस्सा नहीं होगा। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ होगा, जो घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा। 24 मार्च को आईपीओ बंद होने के बाद, 25 मार्च को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा और फिर 27 मार्च को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। अंत में, 30 मार्च को कंपनी शेयर बाजारों में लिस्ट हो जाएगी।
ग्रे मार्केट में दिखने लगा जलवा
कोल इंडिया, दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है। लिहाजा, कोल इंडिया की सब्सिडरी कंपनी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में बढ़िया प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। ग्रे मार्केट में 16 मार्च को शाम 5 बजे तक CMPDI के शेयर 21 रुपये (12.21 प्रतिशत) के प्रीमियम यानी जीएमपी के साथ ट्रेड कर रहे थे। हालांकि, इसमें अभी काफी उतार-चढ़ाव होना बाकी है। लिस्टिंग होने तक, इसके जीएमपी में अविश्वसनीय बदलाव भी हो सकते हैं।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
Latest Business News