CMR Green Technologies IPO GMP: मेटल बिजनेस से जुड़ी कंपनी सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज का आईपीओ बुधवार, 3 जून को खुलेगा और शुक्रवार, 5 जून को बंद हो जाएगा। एंकर इंवेस्टर्स के लिए 2 जून को बोली शुरू होगी। सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज इस आईपीओ से 631 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है, जिसके लिए कुल 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3,28,58,323 शेयर जारी किए जाएंगे। 631 करोड़ रुपये का ये आईपीओ पूरी तरह से OFS बेस्ड होगा, जिसमें कंपनी के प्रोमोटर्स अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। कंपनी ने अपने इस आईपीओ के तहत, प्रत्येक शेयर के लिए 182-192 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है।
कंपनी के कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर मिलेगा 18 रुपये का डिस्काउंट
सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर 18 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए 2.5 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा आईपीओ में 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) कैटेगरी के निवेशकों के लिए, कम से कम 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए और लगभग 35 प्रतिशत रिटेल इंवेस्टर्स के लिए रिजर्व रहेगा।
एक लॉट में मिलेंगे 78 शेयर
फरीदाबाद की इस कंपनी के आईपीओ के तहत, रिटेल इंवेस्टर्स को एक लॉट में 78 शेयर दिए जाएंगे और इन 78 शेयरों के लिए उन्हें कम से कम 14,976 रुपये का निवेश करना होगा। अगर कोई रिटेल इंवेस्टर ज्यादा पैसा लगाना चाहता है तो वो अधिकतम 1,94,688 रुपये में 13 लॉट के लिए बोली लगा सकता है, जिसमें उसे कुल 1014 शेयर मिलेंगे।
10 जून को शेयर बाजार में लिस्ट होगी कंपनी
5 जून को आईपीओ बंद होने के बाद सोमवार, 8 जून को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा। अलॉटमेंट के बाद, निवेशकों के डीमैट खाते में 9 जून को शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। जिन बोलीदाताओं को शेयर अलॉट नहीं होंगे, उन्हें 9 जून को पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे। अंत में, 10 जून को कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएंगे। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ है, जो बीएसई और एनएसई दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।
25 रुपये पर पहुंचा जीएमपी
सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज द्वारा शेयरों के लिए प्राइस बैंड की घोषणा के बाद ग्रे मार्केट में हलचल तेज हो गई है। 30 मई को सुबह 9 बजे के आसपास सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के शेयर 25 रुपये (13.02 प्रतिशत) के जीएमपी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। हालांकि, शेयर बाजार में कंपनी की लिस्टिंग होने तक इसमें अभी काफी उतार-चढ़ान होना बाकी है।
Latest Business News