1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Groww IPO: 31% की छप्परफाड़ तेजी के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर, 14% प्रीमियम के साथ हुई थी लिस्टिंग

Groww IPO: 31% की छप्परफाड़ तेजी के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर, 14% प्रीमियम के साथ हुई थी लिस्टिंग

आज कारोबार के दौरान, ग्रो के शेयर बीएसई पर 34.4 प्रतिशत बढ़कर 134.34 रुपये और एनएसई पर 134.40 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे।

Groww, Groww ipo, groww share price, Groww ipo subscription, Groww ipo subscription status, Groww gm- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK एनएसई पर 79,546.79 करोड़ रुपये हुआ ग्रो का मार्केट कैप

Groww IPO: स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी ग्रो की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के शेयरों ने लिस्टिंग के पहले दिन शानदार कारोबार किया। ग्रो के शेयरों ने बुधवार को शानदार शुरुआत की और 100 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले लगभग 31 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुए। ग्रो के शेयर बीएसई पर 14 प्रतिशत (14 रुपये) प्रीमियम के साथ 114 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए और अंत में 30.94 प्रतिशत (30.94 रुपये) की बढ़त के साथ 130.94 रुपये के भाव पर बंद हुए। एनएसई पर कंपनी के शेयरों ने 12 प्रतिशत (12 रुपये) के प्रीमियम के साथ 112 रुपये पर कारोबार शुरू किया और 28.85 प्रतिशत (28.85 रुपये) की तेजी के साथ 128.85 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर 79,546.79 करोड़ रुपये हुआ ग्रो का मार्केट कैप 

आज कारोबार के दौरान, ग्रो के शेयर बीएसई पर 34.4 प्रतिशत बढ़कर 134.34 रुपये और एनएसई पर 134.40 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। आज बाजार बंद होने के बाद एनएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 79,546.79 करोड़ रुपये था। ट्रेड वॉल्यूम के लिहाज से, एनएसई पर ग्रो के 52.38 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए कारोबार हुआ, जबकि बीएसई पर 6.24 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ। शुक्रवार को, बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के आईपीओ को आखिरी दिन कुल 17.60 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स ने 3 नवंबर को एंकर इंवेस्टर्स से 2984 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जुटाई थी। 

ग्रो ने इसी साल मई में सेबी के पास जमा किए थे पेपर्स

बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स ने अपने आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 95 रुपये से 100 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था और 100 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से अलॉटमेंट किया था। इस आईपीओ में 1060 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए गए। इसके साथ ही, इसमें 55.72 करोड़ इक्विटी शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए गए थे। बेंगलुरू की इस कंपनी ने मई में गोपनीय प्री-फाइलिंग रूट के माध्यम से आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए थे और अगस्त में बाजार नियामक से मंजूरी प्राप्त की थी।

Latest Business News