IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को अगस्त का महीना एक के बाद एक विकल्प दे रहा है। अब फार्मास्युटिकल कंपनी मेडिस्टेप हेल्थकेयर (Medistep Healthcare) अपना इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लेकर आ रही है। कंपनी का आईपीओ 8 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 12 अगस्त 2025 को बंद होगा। आपको बता दें कि मेडिस्टेप हेल्थकेयर सैनिटरी पैड्स, एनर्जी पाउडर, फार्मा, न्यूट्रास्युटिकल्स, सर्जिकल और इंटीमेट केयर प्रोडक्ट्स बनाती है। यह SME सेगमेंट का आईपीओ है। कंपनी ने अपने IPO के लिए ₹43 प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
₹16.09 करोड़ जुटाने की योजना
इस IPO के माध्यम से कंपनी ₹16.09 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ की राशि का उपयोग कंपनी अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के विस्तार और मशीन की खरीद, कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। कुल 37,44,000 इक्विटी शेयर (₹10 के अंकित मूल्य के साथ) इस IPO में पेश किए जा रहे हैं। निवेशकों को कम से कम 3000 शेयरों के लॉट साइज में निवेश करना होगा। इसमें से 17.79 लाख शेयर रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित हैं, जबकि 17.76 लाख शेयर नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए और 1.89 लाख शेयर मार्केट मेकर्स के लिए आरक्षित हैं।
घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपस्थिति मजबूत होगी
Medistep Healthcare के मैनेजिंग डायरेक्टर गिरधारी लाल प्रजापति ने कहा: IPO से प्राप्त राशि हमारे विस्तार प्रयासों को रणनीतिक रूप से समर्थन देगी और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हमारी उपस्थिति को मजबूत बनाएगी। हमारा विविध और बढ़ता हुआ उत्पाद पोर्टफोलियो — जिसमें सैनिटरी पैड्स, एनर्जी पाउडर, फार्मा, न्यूट्रास्युटिकल्स, सर्जिकल और इंटीमेट केयर प्रोडक्ट्स शामिल हैं। हमें स्वास्थ्य और स्वच्छता समाधानों की बढ़ती वैश्विक और घरेलू मांग का लाभ उठाने में सक्षम बनाता है। उपभोक्ता जागरूकता में वृद्धि और तेजी से विकसित हो रहे फार्मा बाजार के साथ, हम अपने संचालन को बढ़ाने, बाजार में पहुंच बढ़ाने और अपने हितधारकों को स्थायी मूल्य देने के लिए आश्वस्त हैं।”
कंपनी के बारे में
2023 में स्थापित इस कंपनी का एक मजबूत वितरण नेटवर्क है, यह कम लागत वाले उत्पाद प्रदान करती है और इसका खुदरा एवं वितरकों का नेटवर्क भी सशक्त है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) में ₹4965.48 लाख का राजस्व दर्ज किया, जो कि वित्त वर्ष 2023-24 (FY24) में ₹3907.19 लाख था। कंपनी का EBITDA FY24 के ₹454.2 लाख से बढ़कर FY25 में ₹560 लाख हो गया। कंपनी का PAT (शुद्ध लाभ) FY24 में ₹332.76 लाख से बढ़कर FY25 में ₹414.42 लाख हो गया। शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) ₹61.10 करोड़ होगा।
क्या चल रहा है ताजा GMP?
मेडिस्टेप हेल्थकेयर के IPO का प्राइस बैंड ₹43 है। आज के GMP के हिसाब से इसका अनुमानित लिस्टिंग प्राइस ₹55 हो सकता है (₹43 + ₹12)। इस आधार पर, प्रति शेयर लगभग 27.91% का अनुमानित लिस्टिंग गेन देखने को मिल सकता है।
Latest Business News