PhysicsWallah IPO: दिग्गज एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला का आईपीओ 11 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहा है। ये आईपीओ 13 नवंबर को बंद हो जाएगा। फिजिक्सवाला इस आईपीओ के जरिए कुल 3480.00 करोड़ रुपये जुटाएगी, जिससे विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। आईपीओ के तहत 3,100 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 380 करोड़ रुपये के शेयर प्रोमोटरों द्वारा ओएफएस के जरिए जारी किए जाएंगे। कंपनी के दोनों प्रोमोटर अलख पांडे और प्रतीक बूब इस आईपीओ में 190-190 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।
अलख पांडे और प्रतीक बूब के पास है 40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी
अलख पांडे और प्रतीक बूब के पास कंपनी में 40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी है। नोएडा स्थित फिजिक्सवाला ने मार्च में सेबी के पास आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे जुलाई में बाजार नियामक की मंजूरी मिली थी। कंपनी ने आईपीओ के लिए गोपनीय ‘प्री-फाइलिंग’ मार्ग चुना, जिससे उसे बाद के चरणों तक आईपीओ विवरणों का सार्वजनिक खुलासा रोकने की अनुमति मिली। फिजिक्सवाला ने कहा कि नए शेयरों के इश्यू से मिलने वाली राशि में से 460.5 करोड़ रुपये नए ‘ऑफलाइन’ और ‘हाइब्रिड’ सेंटर की स्थापना पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, 548.3 करोड़ रुपये मौजूदा केंद्रों के लीज के भुगतान के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
जाइलम लर्निंग में लगाया जाएगा पैसा
इसके अलावा, फिजिक्सवाला अपनी सब्सिडरी कंपनी जाइलम लर्निंग में 47.2 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसमें नए सेंटरों के लिए 31.6 करोड़ रुपये और लीज के भुगतान और हॉस्टल के लिए 15.5 करोड़ रुपये शामिल हैं। वेस्टब्रिज कैपिटल, हॉर्नबिल और जीएसवी वेंचर्स समर्थित फिजिक्सवाला का वित्त वर्ष 2024-25 में घाटा कम होकर 243 करोड़ रुपये रहा, जो उसके एक साल पहले 1,131 करोड़ रुपये था। हालांकि, पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का राजस्व बढ़कर 2,887 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1,941 करोड़ रुपये था।
18 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होगी कंपनी
13 नवंबर को आईपीओ बंद होने के बाद 14 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा और 17 नवंबर को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ होगा, जो 18 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो जाएगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के मैनेजमेंट के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया, गोल्डमैन शैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल को नियुक्त किया है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
Latest Business News