PhysicsWallah IPO: आईपीओ से पहले ही इस कंपनी ने खरीदे 1.07 करोड़ शेयर, जानें किस रेट पर हुई डील
फिजिक्सवाला का आईपीओ अगले हफ्ते मंगलवार, 11 नवंबर को खुलेगा और गुरुवार, 13 नवंबर को बंद हो जाएगा।

PhysicsWallah IPO: ग्लोबल इंवेस्टमेंट फर्म थिंक इन्वेस्टमेंट्स ने एडटेक स्टार्टअप फिजिक्सवाला में 136 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का निवेश किया है। ये निवेश ऐसे समय में हुआ है, जब अगले ही हफ्ते फिजिक्सवाला का आईपीओ खुलने जा रही है। इस निवेश के तहत थिंक इन्वेस्टमेंट्स ने एडटेक फर्म के 14 कर्मचारियों से फिजिक्सवाला में 1.07 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदे, जो 0.37 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। ये शेयर 127 रुपये प्रति शेयर की भाव से खरीदे गए हैं, जो इश्यू प्राइस से 17 प्रतिशत ज्यादा है। इस तरह से ट्रांजैक्शन का साइज 136.17 करोड़ रुपये है।
4 अरब डॉलर की एक ग्लोबल इंवेस्टमेंट कंपनी है थिंक इन्वेस्टमेंट्स
थिंक इन्वेस्टमेंट्स 4 अरब डॉलर की एक ग्लोबल इंवेस्टमेंट कंपनी है, जो टेक्नोलॉजी बेस्ड शुरुआती स्टेज के बिजनेस को समर्थन देने पर केंद्रित है। बताते चलें कि फिजिक्सवाला का आईपीओ अगले हफ्ते मंगलवार, 11 नवंबर को खुलेगा और गुरुवार, 13 नवंबर को बंद हो जाएगा। ये एडटेक कंपनी अपने इस आईपीओ से कुल 3,480 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है। फिजिक्सवाला ने अपने आईपीओ के लिए शेयरों का प्राइस बैंड फिक्स कर दिया है। फिजिक्सवाला ने अपने आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू प्रत्येक शेयर के लिए 103 रुपये से 109 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है।
अलख पांडे और प्रतीक बूब के पास है 40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी
आईपीओ के तहत 3,100 करोड़ रुपये के 28,44,03,669 नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 380 करोड़ रुपये के शेयर प्रोमोटरों द्वारा ओएफएस के जरिए 3,48,62,385 शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी के दोनों प्रोमोटर अलख पांडे और प्रतीक बूब इस आईपीओ में 190-190 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। अलख पांडे और प्रतीक बूब के पास कंपनी में 40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी है। नोएडा स्थित फिजिक्सवाला ने मार्च में सेबी के पास आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे जुलाई में बाजार नियामक की मंजूरी मिली थी।
18 नवंबर को बाजार में लिस्ट होगी एडटेक कंपनी
13 नवंबर को आईपीओ बंद होने के बाद 14 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा और 17 नवंबर को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ होगा, जो 18 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो जाएगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के मैनेजमेंट के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया, गोल्डमैन शैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल को नियुक्त किया है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।