A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. 19% के बंपर प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ ये IPO, चेक करें शेयरों का लेटेस्ट भाव

19% के बंपर प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ ये IPO, चेक करें शेयरों का लेटेस्ट भाव

प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स का आईपीओ मंगलवार, 27 मई को खुला था और गुरुवार 29 मई को बंद हुआ था।

Prostarm Info Systems IPO, Prostarm Info Systems, Prostarm Info Systems IPO listing price, Prostarm - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स के आईपीओ को कितना सब्सक्रिप्शन मिला था

पावर सॉल्यूशन प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स का आईपीओ आज शेयर बाजार में लिस्ट हो गया। बीएसई पर कंपनी के शेयर अपने इश्यू प्राइस से 19 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 125 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग के कुछ समय बाद प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स के शेयर 23.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 130 रुपये पर पहुंच गए। एनएसई पर कंपनी के शेयरों ने 14.28 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 120 रुपये के भाव पर शुरुआत की। बताते चलें कि कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत, 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयरों को 105 रुपये के भाव पर अलॉट किया था।

आईपीओ के तहत कुल कितने शेयर जारी किए गए हैं

मंगलवार को दोपहर 01.08 बजे प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स के शेयर बीएसई पर अपने लिस्टिंग प्राइस से 0.50 रुपये (0.40%) की गिरावट के साथ 124.50 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि, ये अपने इश्यू प्राइस से 18.57 प्रतिशत ऊपर ही थे। बताते चलें कि कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत 168 करोड़ रुपये जुटाए हैं और बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 732.99 करोड़ रुपये है। प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स ने 168 करोड़ रुपये के लिए सभी 1,60,00,000 नए शेयर जारी किए थे।

प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स के आईपीओ को कितना सब्सक्रिप्शन मिला था

प्रोस्टार्म इंफो सिस्टम्स का आईपीओ मंगलवार, 27 मई को खुला था और गुरुवार 29 मई को बंद हुआ था। कंपनी ने आईपीओ के तहत प्रत्येक शेयर के लिए 95 रुपये से 105 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। इस आईपीओ को कुल 97.20 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। प्रोस्टार्म इन्फो सिस्टम्स आईपीओ से प्राप्त हुए 168 करोड़ रुपये में से 72.50 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पूंजीगत जरूरतों के लिए और 17.95 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज भुगतान के लिए करेगा। जबकि बाकी के पैसों का इस्तेमाल अधिग्रहण और अन्य रणनीतिक पहल के लिए किया जाएगा।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Latest Business News