Rajputana Stainless IPO: पहले दिन कितना सब्सक्राइब हुआ आईपीओ, चेक करें आज का GMP Price
राजपुताना स्टेनलेस अपने इस आईपीओ से 255 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है, जिसके लिए कुल 2,09,00,000 शेयर जारी किए जाएंगे।
Rajputana Stainless IPO: स्टेनलेस स्टील के बिजनेस से जुड़ी कंपनी राजपुताना स्टेनलेस का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया। एनएसई डेटा के मुताबिक, कंपनी को पहले दिन 0.30 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ है। राजपुताना स्टेनलेस का आईपीओ बुधवार, 11 मार्च को बंद होगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 116 से 122 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है। रिटेल निवेशकों को एक लॉट में 110 शेयर दिए जाएंगे और इसके लिए उन्हें कम से कम 13,420 रुपये का निवेश करना होगा।
आईपीओ से 255 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है कंपनी
राजपुताना स्टेनलेस अपने इस आईपीओ से 255 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है, जिसके लिए कुल 2,09,00,000 शेयर जारी किए जाएंगे। इस आईपीओ में 179 करोड़ रुपये के 1,46,50,000 फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। जबकि, कंपनी के प्रोमोटर्स 76 करोड़ रुपये के 62,50,000 शेयर ओएफएस के जरिए जारी करेंगे। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ है, जो घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा। 11 मार्च को बंद होने के बाद 12 मार्च को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा और 13 मार्च को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। आखिर में, 16 मार्च को ये कंपनी बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो जाएगी।
ग्रे मार्केट में कितना चल रहा है जीएमपी प्राइस
राजपुताना स्टेनलेस के आईपीओ को पहले दिन मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला। सोमवार को खुले कंपनी के आईपीओ को 30 प्रतिशत यानी 0.30 गुना सब्सक्रिप्शन ही मिला है। लिहाजा, ग्रे मार्केट में भी कंपनी के शेयरों को लेकर बहुत अच्छी प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिल रही है। सोमवार, 9 मार्च को राजपुताना स्टेनलेस के शेयर 2.50 रुपये के जीएमपी के साथ ट्रेड करते हुए नजर आए। हालांकि, शेयर बाजार में लिस्टिंग होने तक इसमें काफी उतार-चढ़ाव होना बाकी है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
