Tata Capital IPO: टाटा ग्रुप की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी टाटा कैपिटल के आईपीओ को लेकर बड़ा अपडेट आया है। टाटा कैपिटल 22 सितंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में अपना 17,200 करोड़ रुपये का बहुप्रतीक्षित आईपीओ लाने के लिए तैयार है। मामले से परिचित बाजार सूत्रों ने रविवार को पीटीआई के साथ ये जानकारी साझा की है। सूत्रों ने कहा कि इस आईपीओ से टाटा कैपिटल की वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर होने की उम्मीद है। टाटा कैपिटल 30 सितंबर तक शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है।
टाटा कैपिटल के 23 करोड़ शेयर बेचेगा टाटा संस
अगस्त में दायर मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार 47.58 करोड़ शेयरों के प्रस्तावित आईपीओ में 21 करोड़ इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू और 26.58 करोड़ शेयरों का ओएफएस शामिल है। ओएफएस के तहत, टाटा संस 23 करोड़ शेयर बेचेगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (IFC) 3.58 करोड़ शेयर बेचेगा। इस समय टाटा कैपिटल में टाटा संस की 88.6 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि आईएफसी के पास 1.8 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
नवंबर 2023 में आया था टाटा टेक्नोलॉजीज़ का आईपीओ
टाटा कैपिटल ने इस साल 7 अप्रैल को आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज जमा कराए थे। जिसके बाद, 21 जून को सेबी ने टाटा कैपिटल को अपना आईपीओ लाने की मंजूरी दे दी थी। आईपीओ से मिली राशि का इस्तेमाल कंपनी के टियर-1 पूंजी आधार को मजबूत करने और आगे की उधारी सहित भविष्य की पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा। ये आईपीओ सफल होने पर भारत के फाइनेंशियल सेक्टर का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू बन जाएगा। नवंबर 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज़ के बाद हाल के वर्षों में आईपीओ लाने वाली ये टाटा ग्रुप की दूसरी कंपनी होगी।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कैसा रहा टाटा कैपिटल का प्रदर्शन
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में टाटा कैपिटल का कुल नेट प्रॉफिट दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ 1040.93 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 472 करोड़ रुपये था। टाटा कैपिटल ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी थी कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 7691.65 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी, जो वित्त वर्ष 2025 की अप्रैल-जून तिमाही में 6557.40 करोड़ रुपये थी।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
Latest Business News