A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: सोने में आई 290 रुपए प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट, चांदी भी हुई सस्‍ती

Gold rate today: सोने में आई 290 रुपए प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट, चांदी भी हुई सस्‍ती

बुधवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 290 रुपए घटकर 31,560 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया।

Gold- India TV Hindi
Image Source : GOLD Gold

नई दिल्‍ली। विदेशों में कमजोर रुख के बीच स्‍थानीय ज्‍वेलर्स और रिटेलर्स की मांग घटने के कारण बुधवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। बुधवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 290 रुपए घटकर 31,560 रुपए  प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं दूसरी ओर बिकवाली के दबाव के चलते चांदी का भाव भी 200 रुपए और टूटकर 37,100 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि विदेशों में कमजोर रुख और घरेलू हाजिर बाजार में स्‍थानीय ज्‍वेलर्स और रिटेलर्स की मांग में कमी आने से कीमती धातुओं पर दबाव आया है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर, सिंगापुर में सोना 0.13 प्रतिशत लुढ़क कर 1213 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.18 प्रतिशत टूटकर 14.10 डॉलर प्रति औंस रह गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 290-290 रुपए घटकर क्रमश: 31,560 रुपए और 31,410 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। आज गिन्‍नी का भाव भी 100 रुपए घटकर 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम के स्‍तर पर बोला गया।

सोने की तरह ही चांदी हाजिर का भाव आज 200 रुपए घटकर 37,100 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 253 रुपए घटकर 35,782 रुपए प्रति किलोग्राम रहा। चांदी सिक्‍कों का भाव भी 1000 रुपए घटकर बिकवाल 72,000 रुपए और खरीद 73,000 रुपए प्रति सैकड़ा रहा।

Latest Business News