A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बीएसई सेंसेक्स 127 अंक चढ़कर 38,672 पर हुआ बंद, निफ्टी 11,600 अंक के पार

बीएसई सेंसेक्स 127 अंक चढ़कर 38,672 पर हुआ बंद, निफ्टी 11,600 अंक के पार

शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 3,594.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

bse sensex- India TV Hindi
Image Source : BSE SENSEX bse sensex

मुंबई। शेयर बाजारों में शु्क्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला कायम रहा। वाहन और धातु कंपनियों के शेयरों में जोरदार लिवाली तथा विदेशी कोषों के प्रवाह और सकारात्मक वैश्विक रुख के बीच बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 127 अंक और चढ़ गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 11,600 अंक को पार कर गया। 

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के रुख के साथ 38,675 अंक पर खुलने के बाद 38,748.54 अंक के उच्च स्तर तक गया। अंत में सेंसेक्स 127.19 अंक या 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,672.91 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 53.90 अंक या 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,623.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 11,630.35 से 11,570.15 अंक के दायरे में रहा। 

सेंसेक्स की कंपनियों में वेदांता 3.20 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, ओएनजीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति, हीरो मोटोकॉर्प, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक, कोल इंडिया, सनफार्मा, इन्फोसिस, रिलायंस और भारती एयरटेल 2.69 प्रतिशत तक चढ़ गए। 

वहीं दूसरी ओर इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे अधिक 2.08 प्रतिशत नीचे आया। आईटीसी, बजाज आटो, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, एनटीपीसी, कोटक बैंक और एलएंडटी के शेयर 1.10 प्रतिशत तक नीचे आ गए। 

अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में दिन में कारोबार के दौरान रुपया 13 पैसे की बढ़त के साथ 69.17 रुपये प्रति डॉलर पर चल रहा था। इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 3,594.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। 

Latest Business News