1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Ather Energy: लिस्टिंग के दिन 8.54% की गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर, चेक करें डिटेल्स

Ather Energy: लिस्टिंग के दिन 8.54% की गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर, चेक करें डिटेल्स

इश्यू प्राइस से मामूली बढ़त के साथ लिस्ट हुए कंपनी के शेयर कारोबार के अंत में बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।

Ather Energy, Ather Energy share price, Ather Energy ipo listing price, Ather Energy listing price, - India TV Hindi
Image Source : ATHER ENERGY एनएसई पर 8.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी एथर एनर्जी आज भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट हो गया। हालांकि, कंपनी के लिए लिस्टिंग का पहला दिन अच्छा नहीं रहा और इसके शेयर मंगलवार को करीब 6 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। बताते चलें कि एथर एनर्जी के शेयर एनएसई पर 2.18 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 328.00 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे। वहीं दूसरी ओर, कंपनी के शेयर बीएसई पर 1.57 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 326.05 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे। एथर एनर्जी ने अपने आईपीओ के तहत निवेशकों को 321.00 रुपये के भाव पर शेयर अलॉट किए थे।

एनएसई पर 8.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर

इश्यू प्राइस से मामूली बढ़त के साथ लिस्ट हुए कंपनी के शेयर कारोबार के अंत में बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। एथर एनर्जी के शेयर एनएसई पर अपने लिस्टिंग प्राइस से 8.54 प्रतिशत और इश्यू प्राइस से 6.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 300.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसी तरह, बीएसई पर कंपनी के शेयर अपने लिस्टिंग प्राइस से 7.22 प्रतिशत और इश्यू प्राइस से 5.76 प्रतिशत गिरकर 302.50 रुपये के भाव पर बंद हुए। एनएसई पर आज एथर एनर्जी के शेयर आज अपने डेब्यू पर 333.00 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 299.10 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे थे।

28 अप्रैल को खुला था एथर एनर्जी का आईपीओ

एथर एनर्जी का आईपीओ 28 अप्रैल को खुला था और 30 अप्रैल को बंद हुआ था। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों के लिए 304 रुपये से 321 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था। आईपीओ को बुधवार को आखिरी दिन कुल 1.43 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी ने इस आईपीओ से कुल 2981.06 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बताते चलें कि एथर एनर्जी, ओला इलेक्ट्रिक के बाद आईपीओ लाने वाली दूसरी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी बन गई है। ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ पिछले साल आया था। हालांकि, ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों का मौजूदा भाव उसके इश्यू प्राइस से काफी नीचे है।

Latest Business News