प्राइवेट सेक्टर के एक्सिस बैंक ने शनिवार, 25 अप्रैल को अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। इस प्रमुख प्राइवेट बैंक ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उनका एकीकृत शुद्ध लाभ 1.89 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी के साथ 7,631.72 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एकल आधार पर देश के तीसरे सबसे बड़े प्राइवेट बैंक का शुद्ध लाभ जनवरी-मार्च तिमाही में 7,071.31 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 7,117.50 करोड़ रुपये था। पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 19 प्रतिशत ऋण वृद्धि के दम पर 5 प्रतिशत बढ़कर 14,457 करोड़ रुपये हो गई।
मानक परिसंपत्तियों पर 2,001 करोड़ रुपये का प्रावधान
हालांकि, इस दौरान एक्सिस बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन 0.35 प्रतिशत घटकर 3.62 प्रतिशत रहा। एक्सिस बैंक ने पश्चिम एशिया संघर्ष के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए मानक परिसंपत्तियों पर 2,001 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। एक्सिस बैंक के मुख्य वित्तीय अधिकारी पुनीत शर्मा ने कहा कि ये सिर्फ एहतियात के तौर पर किया गया है और इसका मतलब ये नहीं है कि बैंक की संपत्तियों की गुणवत्ता खराब हुई है। वहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक अमिताभ चौधरी ने कहा कि सतर्क रहना बैंक की मजबूती है।
शेयरहोल्डरों के लिए डिविडेंड की घोषणा
एक्सिस बैंक ने शनिवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि शनिवार को हुई बोर्ड मीटिंग में शेयरहोल्डरों के लिए डिविडेंड की सिफारिश की गई है। बैंक ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 1 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की गई है, जिसे बैंक की 32वीं एजीएम में अप्रूव किया जाएगा। एजीएम में डिविडेंड को मंजूरी मिलती है तो इसके लिए शुक्रवार, 10 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। बताते चलें कि शुक्रवार को बीएसई पर एक्सिस बैंक के शेयर 3.45 रुपये (0.25%) की गिरावट के साथ 1366.10 रुपये के भाव पर बंद हुए थे।
Latest Business News