1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इस सरकारी बैंक के मुनाफे में 82% की बढ़ोतरी, सोमवार को शेयरों में दिख सकता है एक्शन

इस सरकारी बैंक के मुनाफे में 82% की बढ़ोतरी, सोमवार को शेयरों में दिख सकता है एक्शन

बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) इस दौरान घटकर 2.61 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2.92 प्रतिशत था।

bank of india, bank of india share price, bank of india dividend, bank of india dividend record date- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK शुक्रवार को अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ सरकारी बैंक का शेयर

पब्लिक सेक्टर के एक और बैंक ने अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। बैंक ऑफ इंडिया (BoI) ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में उनका शुद्ध मुनाफा 82 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2626 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, बैंक की शुद्ध ब्याज आय समीक्षाधीन तिमाही में 2 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 6063 करोड़ रुपये रही, लेकिन अन्य आय 96 प्रतिशत की ताबड़तोड़ बढ़कर 3428 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान बट्टे खाते में डाले गए खातों से वसूली 195 प्रतिशत बढ़कर 1193 करोड़ रुपये हो गई।

बैंक की कुल जमाराशि में 10.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी

बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) इस दौरान घटकर 2.61 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2.92 प्रतिशत था। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक की कुल जमाराशि में 10.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और कम लागत वाले चालू एवं बचत खाता शेष की हिस्सेदारी घटकर 40.28 प्रतिशत रह गई। बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यपालक अधिकारी रजनीश कर्नाटक ने कहा कि बैंक चालू वित्त वर्ष (2025-26) में 12-13 प्रतिशत की ऋण वृद्धि और 11-12 प्रतिशत की जमा वृद्धि का लक्ष्य बना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंक का कुल कॉरपोरेट ऋण 60,000 करोड़ रुपये का है।

शुक्रवार को अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ सरकारी बैंक का शेयर

वित्त वर्ष 2024-25 के अंत तक बैंक का कुल पूंजी पर्याप्तता अनुपात 17.77 प्रतिशत रहा जबकि प्रमुख बफर स्तर 14.84 प्रतिशत रहा। बताते चलें कि शुक्रवार को बैंक ऑफ इंडिया के शेयर बीएसई पर 2.27 प्रतिशत (2.45 रुपये) की बढ़त के साथ 110.20 रुपये के भाव पर बंद हुआ। बताते चलें कि बैंक के शेयर अभी भी अपने 52 वीक हाई से काफी नीचे हैं। बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों का 52 वीक हाई 144.40 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 90.00 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, बैंक ऑफ इंडिया का मौजूदा मार्केट कैप 50,170.40 करोड़ रुपये है।

Latest Business News